कोडरमा (झारखंड) :भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) हजारीबाग की टीम ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए विद्युत आपूर्ति प्रमंडल झुमरीतिलैया के लेखापाल सह सहायक सुनील कुमार को पांच हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को विद्युत विभाग कार्यालय के बाहर एक चाय दुकान के समीप रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया।
गिरफ्तार आरोपी सुनील कुमार, झुमरीतिलैया स्थित आईसीआईसीआई बैंक के पीछे का निवासी बताया गया है। एसीबी अधिकारियों के अनुसार डोमचांच थाना क्षेत्र के चौधरीडीह सपही निवासी राजू कुमार यादव ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनका ईंट प्लांट बंद हो चुका है और उन्होंने बिजली कनेक्शन समाप्त कराने के साथ जमा सिक्यूरिटी मनी समायोजित करने के लिए विभाग में आवेदन दिया था।
बताया गया कि राजू यादव ने वर्ष 2023 में ईंट प्लांट संचालन के लिए बिजली कनेक्शन लिया था। प्लांट बंद होने के बाद उन्होंने जुलाई 2025 में कनेक्शन बंद कराने और सुरक्षा राशि समायोजित करने के लिए आवेदन किया। संबंधित प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद सिक्यूरिटी मनी रिफंड करने के एवज में आरोपी कर्मी द्वारा 15 हजार रुपये रिश्वत की मांग की गई थी।
परिवादी रिश्वत नहीं देना चाहते थे, जिसके बाद उन्होंने मामले की शिकायत एसीबी हजारीबाग से की। जांच के दौरान आरोप सही पाए जाने पर एसीबी ने मामला दर्ज कर ट्रैप टीम का गठन किया। गुरुवार को योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए टीम ने आरोपी को पांच हजार रुपये रिश्वत लेते धर दबोचा।
एसीबी अधिकारियों ने बताया कि आरोपी विभाग में बिल सुधार एवं संबंधित कार्यों को देखता था। मूल रूप से वह लाइनमैन पद पर कार्यरत है, लेकिन उसे लेखापाल सह सहायक का अतिरिक्त दायित्व दिया गया था। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है तथा आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।