रांची (झारखंड) : चर्चित कारोबारी लव भाटिया की संदिग्ध परिस्थिति में मौत, जांच में जुटी पुलिस

Spread the love

रांची (झारखंड) : राजधानी रांची के चर्चित कारोबारी अभिमन्यु भाटिया उर्फ लव भाटिया की गुरुवार को संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। इस घटना के बाद शहर के व्यापारिक जगत में शोक की लहर फैल गई है। उन्हें गंभीर हालत में दोपहर करीब तीन बजे ऑर्किड अस्पताल लाया गया था, जहां डॉक्टरों ने करीब 40 मिनट तक इलाज करने के बाद मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के अनुसार लव भाटिया रांची के सर्कुलर रोड स्थित कावेरी रेस्टूरेंट एंड स्वीट्स के संचालन से जुड़े थे। प्रारंभिक स्तर पर जहर सेवन कर आत्महत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने अभी किसी निष्कर्ष की पुष्टि नहीं की है।

अस्पताल में जैसे ही परिजनों को मौत की सूचना मिली, माहौल गमगीन हो गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस और एफएसएल की टीम कावेरी रेस्टूरेंट एंड स्वीट्स पहुंची और विभिन्न पहलुओं से जांच शुरू की। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि किन परिस्थितियों में उनकी मौत हुई।

लव भाटिया का नाम वर्ष 2009 में उस समय सुर्खियों में आया था, जब उनका अपहरण कर लिया गया था। बताया जाता है कि मेन रोड स्थित पंजाब स्वीट्स बंद कर घर लौटने के दौरान अपराधियों ने उनका अपहरण कर लिया था। मामले में उनके पिता आशीष भाटिया ने लोअर बाजार थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। बाद में तत्कालीन एसएसपी प्रवीण सिंह के नेतृत्व में कार्रवाई कर पुलिस ने उन्हें सकुशल बरामद कर लिया था।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।