कुजू, रामगढ़, झारखंड : कुजू ओपी क्षेत्र के पैंकी स्थित बिरसा चौक फोरलेन सड़क पर शनिवार को हुए सड़क हादसे में एक वृद्ध महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान करमा उत्तरी पंचायत के बरमसिया निवासी 75 वर्षीय पंकुरिया देवी, पति स्वर्गीय पुशु महतो के रूप में हुई है।
घटना शनिवार दोपहर करीब ढाई बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार पंकुरिया देवी अपने बड़े बेटे 48 वर्षीय पुनीत महतो के साथ बाइक से कोठार गई थीं। वहां आधार कार्ड में सुधार कराने के बाद दोनों वापस घर लौट रहे थे।
इसी दौरान पैंकी बिरसा चौक के पास एक अज्ञात वाहन ने पीछे से उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में वृद्ध महिला सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दुर्घटना में उनके पुत्र पुनीत महतो के हाथ में भी चोट लगी है। घटना के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।