रामगढ़ कैंट, (झारखंड) :इनर व्हील क्लब रामगढ़ एवं छावनी परिषद रामगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में छावनी परिषद स्कूल के बच्चों के लिए दामोदर बैडमिंटन हॉल में तीन दिवसीय समर कैंप का सफल आयोजन किया गया। समर कैंप में बच्चों के मनोरंजन, रचनात्मकता एवं सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए कई आकर्षक एवं मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया गया।
कैंप के दौरान बच्चों के लिए मैजिक शो, आर्ट एंड क्राफ्ट क्लास, जुंबा क्लासेस, डांस क्लासेस तथा विभिन्न प्रकार के खेलों का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। बच्चों को प्रतिदिन उनकी पसंद की स्वादिष्ट खाद्य सामग्री जैसे आइसक्रीम, चॉकलेट, फल, चाट, जूस एवं अन्य व्यंजन भी उपलब्ध कराए गए। विशेष रूप से आयोजित आइसक्रीम पार्टी बच्चों के आकर्षण का केंद्र रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ विवेक सिंह द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। उन्होंने बच्चों के उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम बच्चों के मानसिक एवं शारीरिक विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं।
समर कैंप में शामिल बच्चों ने विभिन्न गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पूरे कार्यक्रम का भरपूर आनंद उठाया। कैंप के दौरान बच्चों के चेहरे पर खुशी और उत्साह साफ झलक रहा था।
कार्यक्रम को सफल बनाने में क्लब की ओर से नमिता श्रॉफ, मेघा बगड़िया, नीरू साहनी, अनुराधा श्रॉफ, विजयालक्ष्मी अयंगर, जसबिदर होरा, पिंकी पोद्दार एवं नवलजीत कौर ने सक्रिय भूमिका निभाई। वहीं छावनी परिषद रामगढ़ की ओर से भी कार्यक्रम में पूर्ण सहयोग प्रदान किया गया।