पतरातू ( रामगढ ), झारखंड ;पतरातू प्रखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत कोतो स्थित बिरहोर कॉलोनी में सरकारी योजनाओं से ग्रामीणों को जोड़ने के उद्देश्य से विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में पशुपालन एवं आजीविका से संबंधित विभिन्न योजनाओं के तहत लाभुकों का चयन किया गया।
शिविर के दौरान तालाब निर्माण, बैल, बकरी, मुर्गी और सुअर पालन योजनाओं के लिए पात्र ग्रामीणों की पहचान कर चयन प्रक्रिया पूरी की गई। साथ ही स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बिरहोर परिवारों का स्वास्थ्य परीक्षण किया और लाभुकों का केवाईसी सत्यापन भी कराया।
कार्यक्रम में मौजूद मुखिया निधि सिंह ने कहा कि बिरहोर कॉलोनी में स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए प्रत्येक माह की 30 तारीख को विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस अभियान में पंचायत प्रतिनिधियों के साथ-साथ जलसहिया, आंगनबाड़ी सेविका और सहायिकाएं भी सक्रिय भागीदारी निभाएंगी।
शिविर में वरिष्ठ समाजसेवी जयप्रकाश सिंह ननकी, चिकित्सा पदाधिकारी पतरातू, प्रखंड पशुपालन पदाधिकारी, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी, प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी, सीएचसी कोतो के प्रतिनिधि, पंचायत सचिव समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। स्वास्थ्य विभाग की ओर से सुमन कुमार, शुभम कुमार, चिंता देवी, रंजन तथा आंगनबाड़ी कर्मियों सहित कई ग्रामीण भी कार्यक्रम में शामिल हुए।