रामगढ़ (झारखंड) :ईद-उल-जुहा (बकरीद) पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर रामगढ़ पुलिस ने जिलेवासियों से विशेष अपील जारी की है। पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत के निर्देश पर जारी संदेश में लोगों से भाईचारे और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने को कहा गया है।
रामगढ़ पुलिस ने लोगों से आग्रह किया है कि सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भ्रामक, गलत या आपत्तिजनक पोस्ट, फोटो और वीडियो साझा करने से बचें। साथ ही फेसबुक, एक्स (ट्विटर), व्हाट्सएप, इंस्टाग्राम और यूट्यूब जैसे प्लेटफॉर्म पर फैलने वाली अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की गई है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और कानून व्यवस्था बिगाड़ने या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जिलेवासियों से यह भी कहा गया है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि, अप्रिय घटना या असामाजिक तत्वों की सूचना तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम या मीडिया सेल को दें। रामगढ़ पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
महत्वपूर्ण संपर्क नंबर जारी करते हुए पुलिस ने कंट्रोल रूम मोबाइल नंबर 9262998529, मीडिया सेल नंबर 9162388444 तथा आपातकालीन सेवा 112 पर संपर्क करने की अपील की है।
रामगढ़ पुलिस ने संदेश के अंत में कहा है कि जिले में शांति और सौहार्द बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।