रामगढ़ कैंट (झारखंड ) : रामगढ़ छावनी परिषद क्षेत्र में चल रहे जनगणना एवं सर्वेक्षण अभियान को लेकर सांसद प्रतिनिधि (मीडिया) एवं छावनी परिषद रामगढ़ के स्वच्छता प्रहरी धनंजय कुमार पुटूस ने नागरिकों से अभियान में सक्रिय सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जनगणना केवल आंकड़े जुटाने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि क्षेत्र के समग्र विकास की आधारशिला है।
धनंजय कुमार पुटूस ने बताया कि कुछ इलाकों में लोग विभिन्न आशंकाओं और भ्रांतियों के कारण जनगणना कर्मियों को जानकारी देने में संकोच कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह सर्वेक्षण किसी नए कर (टैक्स) को लागू करने या मौजूदा करों में वृद्धि करने के उद्देश्य से नहीं किया जा रहा है।
विकास योजनाओं की तैयारी में मिलती है मदद
उन्होंने कहा कि जनगणना और सर्वेक्षण से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर सरकार और स्थानीय प्रशासन क्षेत्र की जरूरतों का आकलन करते हैं। इन्हीं आंकड़ों के आधार पर सड़क, नाली, पेयजल, स्ट्रीट लाइट, स्वच्छता, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी योजनाएं तैयार की जाती हैं।
अफवाहों से बचें, सही जानकारी दें
श्री पुटूस ने नागरिकों से अपील की कि जब अधिकृत जनगणना कर्मी उनके घर पहुंचें तो उन्हें सही और तथ्यात्मक जानकारी उपलब्ध कराएं। साथ ही किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक जानकारी पर विश्वास न करें। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को सर्वेक्षण कर्मियों की पहचान को लेकर संदेह हो तो वह उनका पहचान पत्र देखकर पुष्टि कर सकता है।
जनभागीदारी से सफल होगा अभियान
धनंजय कुमार पुटूस ने कहा कि जनगणना अभियान को सफल बनाना प्रत्येक जागरूक नागरिक का दायित्व है। नागरिकों के सहयोग से ही क्षेत्र की वास्तविक आवश्यकताओं का आंकलन संभव होगा और भविष्य की विकास योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया जा सकेगा। उन्होंने सभी लोगों से अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने और रामगढ़ के सुनियोजित विकास में योगदान देने की अपील की।