रामगढ़ (झारखंड) : सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने शनिवार को रामगढ़ के पटेल चौक में विशेष दोपहिया वाहन जांच अभियान चलाया। उपायुक्त ऋतुराज के निर्देश पर आयोजित इस अभियान का नेतृत्व जिला परिवहन पदाधिकारी राजेश एक्का ने किया।
अभियान के दौरान अधिकारियों ने दोपहिया वाहन चालकों के हेलमेट उपयोग, ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन पंजीकरण, बीमा समेत अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की। निरीक्षण के क्रम में कई वाहन चालक बिना हेलमेट के वाहन चलाते पाए गए, जिन्हें सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी देते हुए कड़ी चेतावनी दी गई।
हेलमेट को बताया जीवन रक्षक
जिला परिवहन पदाधिकारी राजेश एक्का ने वाहन चालकों को संबोधित करते हुए कहा कि हेलमेट केवल कानूनी औपचारिकता नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा का सबसे महत्वपूर्ण साधन है। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं के दौरान सिर में लगने वाली गंभीर चोटों से बचाव के लिए हेलमेट का नियमित उपयोग बेहद जरूरी है।
उन्होंने सभी वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और स्वयं के साथ-साथ अन्य लोगों की सुरक्षा का भी ध्यान रखने की अपील की।
सड़क सुरक्षा को लेकर किया गया जागरूक
जांच अभियान के दौरान अधिकारियों ने लोगों को सड़क सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, सीट बेल्ट और हेलमेट जैसे सुरक्षा उपायों को अपनाने तथा यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने की सलाह दी गई।
ये अधिकारी रहे मौजूद
अभियान के दौरान मोटरयान निरीक्षक मोनू मृणाल, रोड सेफ्टी आईटी सहायक विकास कुमार, विपुल उरांव सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने और यातायात नियमों के प्रभावी अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार के जांच एवं जागरूकता अभियान आगे भी नियमित रूप से चलाए जाएंगे।