रामगढ़, झारखंड :विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर रामगढ़ में स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित जनजागरूकता अभियान का शुभारंभ उपायुक्त ऋतुराज ने जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर किया। कार्यक्रम का उद्देश्य आम लोगों को तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम को जन-जन तक पहुंचाना है।
इस अवसर पर उपायुक्त ऋतुराज ने कहा कि तंबाकू का सेवन स्वास्थ्य के लिए अत्यंत हानिकारक है और इससे कई गंभीर एवं जानलेवा बीमारियां उत्पन्न होती हैं। उन्होंने नागरिकों से तंबाकू एवं तंबाकू उत्पादों से दूर रहने तथा अपने परिवार और समाज को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की अपील की।
उन्होंने बताया कि जागरूकता रथ जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर लोगों को तंबाकू सेवन से होने वाले नुकसान, इससे बचाव के उपायों तथा सरकार द्वारा संचालित तंबाकू निषेध एवं नियंत्रण कार्यक्रमों की जानकारी देगा।
कार्यक्रम के दौरान सिविल सर्जन प्रभारी डॉ. स्वराज, राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम की नोडल पदाधिकारी डॉ. तूलिका रानी, एनडीसी सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
विश्व तंबाकू निषेध दिवस के तहत साहियाओं द्वारा जागरूकता रैली का भी आयोजन किया गया। रैली के माध्यम से लोगों को तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया तथा तंबाकू सेवन छोड़ने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की कि वे स्वस्थ जीवनशैली अपनाएं और तंबाकू मुक्त रामगढ़ के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं।