रामगढ़, झारखंड : भारतीय जनता पार्टी रामगढ़ कैंट मंडल की एक महत्वपूर्ण बैठक मंडल के उपाध्यक्ष अमित अग्रवाल की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में रामगढ़ क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान तथा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के प्रस्तावित रामगढ़ एवं रजरप्पा आगमन को लेकर व्यापक चर्चा की गई।
बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र में सड़क, पेयजल, बिजली, स्वच्छता सहित अन्य जनसुविधाओं से जुड़ी समस्याओं पर विचार-विमर्श किया। कार्यकर्ताओं ने जनहित से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर संबंधित विभागों के समक्ष उठाने तथा उनके समाधान के लिए समन्वित प्रयास करने का निर्णय लिया।
बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के रामगढ़ एवं रजरप्पा आगमन को लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई। कार्यक्रम की तैयारियों, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों, स्वागत व्यवस्था एवं संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उपस्थित कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया।
बैठक में मंडल उपाध्यक्ष अमित अग्रवाल, महामंत्री ऋषिकेश सिंह व सौरभ जायसवाल, मंत्री अमित ठाकुर, आकाश गुप्ता, सोशल मीडिया प्रभारी सुदीप मिश्रा सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।
बैठक का समापन संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा जनसमस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयास करने के संकल्प के साथ हुआ।