मांडू (रामगढ़), झारखंड : रामगढ़ जिले के मांडू प्रखंड अंतर्गत भुईयाडीह में बुधवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की ओर से सदस्यता सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं, समर्थकों तथा स्थानीय ग्रामीणों ने भाग लिया। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना और नए लोगों को पार्टी से जोड़ना रहा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए झामुमो के केंद्रीय सदस्य चित्रगुप्त महतो, सोनाराम मांझी, महेंद्र मुंडा, राजकुमार महतो, विजय राम, एत्तो बास्के, गीता विश्वास, पिंकी बेसरा, साजिद आलम और बरतु करमाली ने कहा कि झामुमो राज्य के लोगों के अधिकार, सम्मान और विकास के मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष करती रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और पार्टी की नीतियों को गांव-गांव तक पहुंचाने का आह्वान किया।
नेताओं ने संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के लिए बूथ स्तर तक कमेटियों के विस्तार तथा अधिकाधिक लोगों को सदस्य बनाने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी और एकजुटता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत है।
सम्मेलन के दौरान कई लोगों ने झामुमो की सदस्यता ग्रहण कर पार्टी की विचारधारा के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की। उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने संगठन विस्तार, जनसंपर्क अभियान को गति देने तथा भविष्य की राजनीतिक चुनौतियों का मजबूती से सामना करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में सुरेश चंद पटेल, बबलू यादव, सुरेंद्र ठाकुर, चन्द्रदेव महतो, मुमताज़ अंसारी सहित बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।