रामगढ़ जिला में वज्रपात का कहर : दो युवकों की मौत, पिता समेत दो घायल; आंधी-बारिश से जनजीवन प्रभावित

Spread the love

अग्रसेन पथ रामगढ़ मे गिरा पेड़

रामगढ़ / कुज्जु  (झारखंड) : रविवार को रामगढ़ जिले में मौसम के अचानक बदले मिजाज ने भारी तबाही मचाई। तेज आंधी, बारिश और वज्रपात की अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पेड़ गिरने और बिजली आपूर्ति बाधित होने की भी सूचना है।

कुजू ओपी क्षेत्र के मुरपा कठरा टोला में रविवार दोपहर तेज बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से 16 वर्षीय साहिल कुमार उर्फ तूफान की मौत हो गई। घटना में उसके पिता विनोद महतो और मनीष कुमार नामक एक अन्य युवक भी घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार विनोद महतो अपने पुत्र साहिल कुमार और मनीष कुमार के साथ घर के आंगन की सीढ़ी पर बैठे हुए थे। इसी दौरान अचानक तेज आवाज के साथ आकाशीय बिजली गिरी और तीनों उसकी चपेट में आ गए। परिजनों ने आनन-फानन में साहिल कुमार और विनोद महतो को रांची रोड स्थित द हॉप अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान साहिल कुमार की मौत हो गई। विनोद महतो की हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं घायल मनीष कुमार का इलाज मुरपा स्थित मनोरमा अस्पताल में चल रहा है।

घटना की सूचना मिलने पर कुजू ओपी पुलिस अस्पताल पहुंची और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

वहीं दूसरी घटना रामगढ़ प्रखंड के गंडके पाहन टोला में हुई, जहां 30 वर्षीय राजू मुंडा की वज्रपात की चपेट में आने से मौत हो गई। बताया जाता है कि राजू मुंडा खेत में काम करने गया था। इसी दौरान तेज आंधी और बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए वह खेत किनारे स्थित आम के पेड़ के नीचे खड़ा हो गया। तभी ठनका गिरने से उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

राजू मुंडा की मौत की खबर मिलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय समाजसेवी योगेंद्र गंझु ने प्रशासन से मृतक के आश्रितों को सरकारी मुआवजा देने की मांग की है।

इधर तेज आंधी और बारिश के कारण रामगढ़ शहर एवं आसपास के क्षेत्रों में कई स्थानों पर पेड़ टूटकर सड़कों पर गिर गए, जिससे कुछ समय के लिए आवागमन प्रभावित रहा। बाद में स्थानीय प्रशासन और लोगों के सहयोग से रास्तों को साफ कर यातायात सामान्य कराया गया।

लगातार हो रही वज्रपात की घटनाओं को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों के नीचे और असुरक्षित स्थानों पर नहीं रुकने की अपील की है।