रामगढ़, झारखंड : स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग, झारखंड सरकार के अपर मुख्य सचिव Ajay Kumar Singh ने बुधवार को रामगढ़ जिले का दौरा कर स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सा आधारभूत संरचनाओं एवं अस्पतालों में उपलब्ध सुविधाओं का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों का भ्रमण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण योजनाओं पर चर्चा की।
सबसे पहले अपर मुख्य सचिव ने कांकेबार स्थित ट्रॉमा सेंटर भवन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ट्रॉमा सेंटर में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, उपकरणों एवं आपातकालीन सेवाओं की समीक्षा की। उन्होंने किसी भी आपात स्थिति में बेहतर एवं त्वरित चिकित्सा सेवा सुनिश्चित करने के लिए ट्रॉमा सेंटर के मॉड्यूलर सिस्टम को अपग्रेड करने का निर्देश दिया। साथ ही ट्रॉमा सेंटर भवन के प्रथम तल पर अतिरिक्त निर्माण कार्य की संभावनाओं पर अधिकारियों एवं अभियंताओं के साथ विस्तार से चर्चा की। उन्होंने तकनीकी परीक्षण कर भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया।
इसके बाद अपर मुख्य सचिव ने सदर अस्पताल रामगढ़ का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने गायनेकोलॉजी ओपीडी, ईएनटी ओपीडी, नेत्र रोग (आई) ओपीडी, डेंटल ओपीडी सहित विभिन्न विभागों का अवलोकन किया तथा मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई, चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता एवं मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने ऑपरेशन थिएटर (ओटी), स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट (एसएनसीयू), डायलिसिस सेंटर, डॉक्टर क्वार्टर, स्टाफ क्वार्टर सहित अस्पताल की विभिन्न महत्वपूर्ण इकाइयों का भी जायजा लिया। डॉक्टर एवं स्टाफ क्वार्टर की वर्तमान स्थिति देखने के बाद उन्होंने पुराने भवनों को हटाकर चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त 10 मंजिला आवासीय भवन निर्माण की संभावनाओं पर चर्चा की और इस दिशा में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
दौरे का सबसे महत्वपूर्ण बिंदु सदर अस्पताल परिसर में 250 अतिरिक्त बेड क्षमता वाले नए अस्पताल भवन के निर्माण को लेकर हुई समीक्षा रही। अपर मुख्य सचिव ने उपायुक्त ऋतुराज के साथ प्रस्तावित भवन निर्माण योजना पर विस्तार से चर्चा की। अधिकारियों ने बताया कि नया भवन जी+6 (ग्राउंड प्लस छह मंजिला) मॉडल पर विकसित किया जाएगा। इस पर अपर मुख्य सचिव ने संबंधित अभियंताओं को भवन निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने, सभी तकनीकी मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने तथा गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य अवसंरचना विकसित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि 250 अतिरिक्त बेड की सुविधा उपलब्ध होने से रामगढ़ जिले के मरीजों को बेहतर चिकित्सा सेवाएं मिलेंगी तथा गंभीर मरीजों को बाहर रेफर करने की आवश्यकता में भी कमी आएगी।
दौरे के दौरान अपर मुख्य सचिव ने सिविल सर्जन कार्यालय रामगढ़ का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यालय की कार्यप्रणाली, विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं के क्रियान्वयन तथा प्रशासनिक व्यवस्थाओं की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण कार्यक्रम में उपायुक्त ऋतुराज, उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल, सिविल सर्जन डॉ अनिल कुमार, प्रभारी पदाधिकारी गोपनीय शाखा रविंद्र कुमार गुप्ता, स्वास्थ्य विभाग के वरीय अधिकारी, अभियंता एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
अपर मुख्य सचिव के इस दौरे को रामगढ़ जिले में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और आधारभूत संरचना के सुदृढ़ीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। विशेष रूप से सदर अस्पताल में 250 अतिरिक्त बेड और आधुनिक आवासीय सुविधाओं की योजना से जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।