झारखंड सूचना आयोग में चार नए सूचना आयुक्तों की नियुक्ति को राज्यपाल की सशर्त मंजूरी

Spread the love

रांची, झारखंड : झारखंड राज्य सूचना आयोग में सूचना आयुक्तों की नियुक्ति का रास्ता साफ हो गया है। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने राज्य सरकार के प्रस्ताव पर वरिष्ठ पत्रकार अनुज कुमार सिन्हा, तनुज खत्री, अमूल्य नीरज खलखोतथा शिवपूजन पाठक को सूचना आयुक्त नियुक्त करने संबंधी प्रस्ताव को सशर्त स्वीकृति प्रदान कर दी है।

राज्यपाल की मंजूरी मिलने के बाद राज्य सरकार जल्द ही नियुक्ति संबंधी अधिसूचना जारी करेगी। अधिसूचना जारी होने के पश्चात सभी नव-नियुक्त सूचना आयुक्तों को शपथ दिलाई जाएगी और वे अपना कार्यभार ग्रहण करेंगे।

राज्यपाल ने अपनी स्वीकृति के साथ राज्य सरकार को यह निर्देश भी दिया है कि झारखंड राज्य सूचना आयोग में मुख्य सूचना आयुक्त की नियुक्ति शीघ्र सुनिश्चित की जाए, ताकि आयोग का कार्य सुचारु और प्रभावी ढंग से संचालित हो सके।

इसके साथ ही राज्यपाल ने स्पष्ट किया है कि यदि सूचना आयुक्तों की नियुक्ति प्रक्रिया में किसी प्रकार की प्रक्रियागत त्रुटि पाई जाती है अथवा सुप्रीम कोर्ट ऑफ़ इंडिया के आदेशों के अनुपालन से संबंधित कोई प्रश्न उत्पन्न होता है, तो इसकी संपूर्ण जवाबदेही राज्य सरकार की होगी।

गौरतलब है कि राज्यपाल इससे पहले सूचना आयुक्तों की नियुक्ति से संबंधित संचिका दो बार राज्य सरकार को वापस कर चुके थे। पहली बार कुछ प्रस्तावित सदस्यों के राजनीतिक दलों से जुड़े होने के मुद्दे पर स्पष्टीकरण मांगा गया था। इसके बाद सरकार ने स्थिति स्पष्ट करते हुए पुनः संचिका भेजी, लेकिन दूसरी बार कुछ सदस्यों के खिलाफ दर्ज मामलों की जानकारी और अन्य बिंदुओं पर स्पष्टता के लिए फाइल फिर लौटा दी गई थी।

सूचना आयुक्तों की नियुक्ति प्रक्रिया को लेकर विभिन्न व्यक्तियों और संगठनों द्वारा भी राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा गया था। ज्ञापन में सूचना का अधिकार अधिनियम और उच्चतम न्यायालय के दिशा-निर्देशों के कथित उल्लंघन का हवाला देते हुए नियुक्ति प्रक्रिया पर रोक लगाने की मांग की गई थी।

अब राज्यपाल की सशर्त स्वीकृति मिलने के बाद झारखंड राज्य सूचना आयोग में लंबे समय से लंबित नियुक्तियों का रास्ता साफ हो गया है। हालांकि मुख्य सूचना आयुक्त की नियुक्ति और राज्यपाल द्वारा लगाई गई शर्तों के अनुपालन पर भी सभी की नजर बनी रहेगी।