रामगढ़ में गृह रक्षक बहाली प्रक्रिया की समीक्षा, 16 हजार आवेदनों की जांच के लिए बनेगी विशेष स्क्रूटनी कमेटी

Spread the love

रामगढ़ (झारखंड) : रामगढ़ जिले में गृह रक्षकों की बहाली प्रक्रिया को लेकर शुक्रवार को समाहरणालय स्थित उपायुक्त कार्यालय कक्ष में उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में झारखंड गृह रक्षा वाहिनी, रामगढ़ के अंतर्गत ग्रामीण एवं शहरी गृह रक्षकों की नियुक्ति से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा एवं समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान अधिकारियों ने जानकारी दी कि गृह रक्षक बहाली के लिए विभाग को अब तक लगभग 16 हजार आवेदन प्राप्त हुए हैं। आवेदनों की बड़ी संख्या को देखते हुए उपायुक्त ने सभी आवेदनों की त्वरित एवं त्रुटिरहित जांच सुनिश्चित करने के लिए एक विशेष स्क्रूटनी कमेटी (जांच समिति) गठित करने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ऋतुराज ने स्पष्ट कहा कि स्क्रूटनी की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी एवं निष्पक्ष होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए तथा केवल योग्य एवं नियमसम्मत अभ्यर्थियों को ही आगे की चयन प्रक्रिया में शामिल होने का अवसर मिले।

बैठक में उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल, प्रभारी पदाधिकारी गोपनीय शाखा रविंद्र कुमार गुप्ता, जिला समादेष्टा (गृह रक्षा वाहिनी), संबंधित विभागों के वरीय पदाधिकारी एवं समिति के अन्य सदस्य उपस्थित थे।