रामगढ़ (झारखंड): आगामी 21 जून 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) 2026 के सफल, शांतिपूर्ण एवं कदाचार मुक्त संचालन को लेकर शुक्रवार को उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में उनके कार्यालय कक्ष में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा से जुड़े विभागों के अधिकारियों एवं केंद्राधीक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
उपायुक्त ने कहा कि नीट जैसी महत्वपूर्ण राष्ट्रीय परीक्षा के आयोजन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या त्रुटि स्वीकार्य नहीं होगी। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा की तैयारियां समय पर पूरी कर ली जाएं तथा परीक्षा का संचालन पूरी पारदर्शिता और सख्ती के साथ सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में बताया गया कि रामगढ़ जिले में नीट-2026 के लिए कुल तीन परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें केंद्रीय विद्यालय रामगढ़, केंद्रीय विद्यालय बरकाकाना तथा आर्मी पब्लिक स्कूल रामगढ़ शामिल हैं।
उपायुक्त ने केंद्राधीक्षकों को निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, शौचालय, विद्युत, प्रकाश एवं बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। अभ्यर्थियों के सुगम एवं व्यवस्थित प्रवेश के लिए पर्याप्त संख्या में कर्मियों की तैनाती करने तथा निर्धारित समय से पूर्व सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने को कहा गया।
उन्होंने जिला शिक्षा अधीक्षक को परीक्षा संबंधी सभी व्यवस्थाओं की सतत निगरानी करने का निर्देश दिया। वहीं पुलिस प्रशासन को परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति तथा परीक्षा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया गया।
उपायुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को परीक्षा पूर्व केंद्रों का भौतिक सत्यापन करने तथा परीक्षा के दिन समय से पहले केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं की निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी कृष्ण मुरारी तिर्की, प्रभारी पदाधिकारी गोपनीय शाखा रविंद्र कुमार गुप्ता, स्थापना उपसमाहर्ता रीना कुजूर, जिला शिक्षा पदाधिकारी कुमारी नीलम, जिला शिक्षा अधीक्षक संजीत कुमार, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय, केंद्राधीक्षक एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।