रत्कदान शिविर के लिए सदर अस्पताल में आवेदन देते रवि राय
रामगढ़, झारखंड : विश्व रक्तदाता दिवस 2026 के अवसर पर प्रधान डाकघर रामगढ़ कैंट परिसर में पोस्टमास्टर मो. जशीम खान के नेतृत्व में डाक विभाग के कर्मचारियों ने रक्तदान और जनजागरूकता की शपथ ली। कार्यक्रम में उपस्थित सभी कर्मचारियों ने देश में रक्त की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए नियमित, स्वैच्छिक और अवैतनिक रक्तदान करने तथा अपने परिवार, मित्रों, रिश्तेदारों, सहयोगियों एवं आम जनता को रक्तदान के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर रामगढ़ कैंट सब डिवीजन के मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव रविशंकर राय ने बताया कि प्रधान डाकघर रामगढ़ परिवार की ओर से 14 जून 2026 (रविवार) को सुबह 9:30 बजे से विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने जिले के सभी नागरिकों से अपील की कि जो लोग स्वेच्छा से रक्तदान करना चाहते हैं, वे उक्त तिथि को प्रधान डाकघर परिसर पहुंचकर इस पुण्य कार्य में सहभागी बनें।
उन्होंने बताया कि रक्तदान शिविर के सफल आयोजन के लिए चिकित्सकों, चिकित्साकर्मियों एवं आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु सदर अस्पताल रामगढ़ को आवेदन दिया गया है।
शपथ ग्रहण समारोह में सहायक डाकपाल रामेश्वर प्रसाद, रामखेलावन चौधरी, नरेंद्र सिंह, शंभु दत्त सिंह, शुभम सौरभ, सौरभ कुमार, अमन कुमार, रंजन कुमार, चंदन कुमार महतो, विकास राय, पीयूष कुमार, अंकित कुमार, संतोष कुमार, राजकपूर कुमार, रंजीत रजवार, आदर्श अनिकेत, जसमीणा, जीवंत भोक्ता, ब्रह्मदेव महतो, रिमझिम कुमारी, बबीता कुमारी, त्रिदेव, रवि कुमार, अरजलाल महतो, बीरबल मांझी सहित अन्य डाक कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी कर्मचारियों ने रक्तदान शिविर के सफल आयोजन में पूर्ण सहयोग देने और अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित करने का संकल्प दोहराया।