रामगढ़ (झारखंड) : उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला स्तरीय यूटिलिटी टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न आधारभूत संरचना एवं विकास परियोजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने सीसीएल, विभिन्न कोल परियोजनाओं, पथ निर्माण विभाग, पीवीयूएनएल तथा स्वास्थ्य विभाग सहित कई एजेंसियों के अधिकारियों से अद्यतन प्रगति रिपोर्ट ली। समीक्षा के दौरान वनाधिकार अधिनियम (FRA), एनओसी, भूमि अधिग्रहण, भू-हस्तांतरण, ग्रामसभा एवं अन्य लंबित मामलों पर विशेष चर्चा हुई। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को सभी प्रक्रियाएं प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि विकास एवं जनहित से जुड़ी परियोजनाओं का समय पर क्रियान्वयन जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी विभागों एवं परियोजना अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि विकास कार्यों में अनावश्यक बाधा न आए।
बैठक में अंचलवार समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने अंचल अधिकारियों से भूमि संबंधी विवाद, मुआवजा, अतिक्रमण, एनओसी तथा अन्य प्रशासनिक मामलों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी मामलों का नियमित अनुश्रवण कर निर्धारित समय सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
उपायुक्त ने परियोजना अधिकारियों से कहा कि कार्यों के दौरान उत्पन्न समस्याओं एवं अवरोधों की सूचना जिला प्रशासन को नियमित रूप से दें, ताकि आवश्यक समन्वय और त्वरित कार्रवाई के माध्यम से उनका समाधान किया जा सके। उन्होंने कहा कि प्रशासन और परियोजना प्रबंधन के बीच बेहतर तालमेल से विकास कार्यों में तेजी आएगी और आमजन को इसका लाभ मिलेगा।
बैठक में अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, भूमि सुधार उप समाहर्ता, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, विभिन्न परियोजनाओं के महाप्रबंधक, जिला स्तरीय पदाधिकारी, अंचल अधिकारी तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।