रामगढ़ (झारखंड) : मतदाता सूची पुनरीक्षण 2026 के तहत उपायुक्त-सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी ऋतुराज की अध्यक्षता में शनिवार को समाहरणालय स्थित एनईसी कक्ष में जिले के विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदाता सूची को शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से चल रहे मैपिंग कार्य की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।
उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को निर्देश देते हुए कहा कि मैपिंग कार्य में और तेजी लाई जाए तथा इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता सुनिश्चित करना निर्वाचन प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
मतदाताओं की सुविधा और शत-प्रतिशत मैपिंग सुनिश्चित करने के लिए जिले के सभी मतदान केंद्रों पर 13, 14 और 15 जून को तीन दिवसीय विशेष मैपिंग शिविर आयोजित किया जा रहा है। इस दौरान सभी बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को अपने-अपने मतदान केंद्रों पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया है।
उपायुक्त ने बताया कि विशेष शिविर के दौरान बीएलओ अपने आवंटित बूथों पर मौजूद रहकर मतदाताओं का मैपिंग कार्य पूरा करेंगे। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि वे निर्धारित तिथियों में अपने नजदीकी मतदान केंद्र पर पहुंचकर अपना मैपिंग कार्य अवश्य कराएं।
बैठक में उपायुक्त ने विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि वे अपने-अपने बूथ स्तरीय एजेंटों (बीएलए) को सक्रिय करें, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची में मैपिंग से वंचित न रह जाए।
बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी रामगढ़ रविन्द्र कुमार गुप्ता, विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारी तथा जिला निर्वाचन शाखा के अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।