विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर जागरूकता रथ रवाना, मतदाता मैपिंग के लिए लोगों को करेगा जागरूक

Spread the love

रामगढ़ (झारखंड) : भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम को गति देने तथा व्यापक जन-जागरूकता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शनिवार को समाहरणालय परिसर से विशेष जागरूकता रथ को रवाना किया गया। उपायुक्त-सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी ऋतुराज ने हरी झंडी दिखाकर रथ को जिले के विभिन्न क्षेत्रों के भ्रमण के लिए रवाना किया।

जागरूकता रथ पूरे रामगढ़ जिले में भ्रमण कर आम नागरिकों को विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के उद्देश्यों एवं मतदाता मैपिंग प्रक्रिया की जानकारी देगा। अभियान का उद्देश्य पात्र नागरिकों और मतदाताओं को समय पर अपनी मैपिंग कराने के लिए प्रेरित एवं जागरूक करना है।

इस अवसर पर बताया गया कि जिले के सभी मतदान केंद्रों पर 13 जून से 15 जून 2026 तक तीन दिवसीय विशेष कैंप आयोजित किया जा रहा है। इन शिविरों में मतदाताओं की मैपिंग प्रक्रिया पूरी की जाएगी तथा आवश्यक सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी।

उपायुक्त ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने नजदीकी मतदान केंद्र पर आयोजित विशेष कैंप में पहुंचकर अपनी मैपिंग प्रक्रिया अनिवार्य रूप से पूर्ण कराएं, ताकि मतदाता सूची को अधिक सटीक एवं अद्यतन बनाया जा सके।

कार्यक्रम के दौरान उप निर्वाचन पदाधिकारी रविंद्र कुमार गुप्ता, जिला प्रशासन के अन्य वरीय पदाधिकारी एवं निर्वाचन शाखा के कर्मी उपस्थित रहे।