गोला (रामगढ़), झारखंड: रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग पर गोला थाना क्षेत्र के हेमतपुर स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप के समीप बुधवार को एक यात्री बस और ट्रक के बीच सीधी टक्कर हो गई। हादसे में ट्रक चालक समेत करीब एक दर्जन यात्री घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, रांची से गोमिया जा रही अजय बस (जेएच-02बीएन-5786) की पेटरवार से ओडिशा के सुंदरगढ़ जा रहे ट्रक से आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में सवार कई यात्री घायल हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) गोला पहुंचाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। गंभीर रूप से घायल ट्रक चालक नौशाद आलम (42 वर्ष), निवासी सुंदरगढ़, ओडिशा तथा बस यात्री उषा देवी, निवासी ओबरा, पेटरवार को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।
सूचना मिलने पर गोला पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त बस एवं ट्रक को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।