रामगढ़, झारखंड : आगामी 21 जून 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) 2026 के सफल, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर उपायुक्त श्री ऋतुराज की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा संबंधी तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस दौरान पुलिस अधीक्षक श्री मुकेश कुमार लुनायत भी उपस्थित रहे।
उपायुक्त ने कहा कि नीट जैसी राष्ट्रीय स्तर की महत्वपूर्ण परीक्षा के आयोजन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने तथा परीक्षा प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने का निर्देश दिया।
बैठक में निर्धारित परीक्षा केंद्रों—केंद्रीय विद्यालय रामगढ़, केंद्रीय विद्यालय बरकाकाना एवं आर्मी पब्लिक स्कूल रामगढ़—में की गई तैयारियों की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी केंद्रों का भौतिक निरीक्षण सुनिश्चित करने, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, बैठने की व्यवस्था, सीटिंग प्लान, प्रकाश व्यवस्था एवं सुरक्षा मानकों की गहन जांच कराने का निर्देश दिया। साथ ही सभी मूलभूत सुविधाएं समय रहते उपलब्ध कराने को कहा।
उन्होंने परीक्षा में प्रतिनियुक्त सभी वीक्षकों (इनविजिलेटर्स) को समुचित प्रशिक्षण देने तथा परीक्षा संचालन से जुड़े सभी प्रोटोकॉल एवं दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने पर बल दिया।
परीक्षा संचालन को और अधिक व्यवस्थित बनाने के लिए उपायुक्त ने मॉक ड्रिल आयोजित करने का निर्देश दिया, ताकि वास्तविक परीक्षा के दौरान सभी प्रक्रियाएं सुचारू रूप से संचालित हो सकें। वहीं पुलिस प्रशासन को परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की तैनाती तथा परीक्षा अवधि के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए।