रामगढ़, झारखंड : जामताड़ा के गांधी मैदान में आयोजित 20वीं जूनियर बालिका राज्य स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए रामगढ़ जिला की बालिका टीम उप-विजेता बनी। जिला लौटने के बाद खिलाड़ियों ने समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में उपायुक्त श्री ऋतुराज से शिष्टाचार मुलाकात की।
भारतीय खो-खो महासंघ के दिशा-निर्देशानुसार आयोजित इस प्रतियोगिता का संचालन पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य निदेशालय, झारखंड सरकार तथा जिला प्रशासन जामताड़ा के सहयोग से किया गया। झारखंड राज्य खो-खो संघ के वार्षिक खेल कैलेंडर के तहत जामताड़ा जिला खो-खो संघ, ऑल स्पोर्ट्स एकेडमी एवं झारखंड सोशल वेलफेयर सोसाइटी के संयुक्त तत्वावधान में 29 से 31 मई 2026 तक प्रतियोगिता आयोजित हुई।
फाइनल मुकाबले में रामगढ़ की बालिका टीम का सामना रांची की टीम से हुआ। बेहद रोमांचक और संघर्षपूर्ण मुकाबले में रामगढ़ की टीम मात्र एक अंक के अंतर से पराजित हुई और द्वितीय स्थान प्राप्त कर उप-विजेता बनी। टीम के उत्कृष्ट प्रदर्शन की राज्य स्तर पर सराहना की जा रही है।
इस अवसर पर उपायुक्त श्री ऋतुराज ने खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि एक अंक से पीछे रहना हार नहीं, बल्कि भविष्य की बड़ी सफलता का संकेत है। उपायुक्त ने खिलाड़ियों के जज्बे और खेल भावना की प्रशंसा करते हुए कहा कि जिला प्रशासन खेल प्रतिभाओं को बेहतर सुविधाएं और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
उप-विकास आयुक्त श्री आशीष अग्रवाल ने भी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि रामगढ़ की बेटियों ने राज्य स्तर पर जिले का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने खिलाड़ियों को निरंतर अभ्यास और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
जिला खेल पदाधिकारी श्री संजीत कुमार के नेतृत्व में खिलाड़ियों ने उपायुक्त से मुलाकात की। इस दौरान झारखंड राज्य खो-खो संघ के संतोष प्रसाद, नवीन कुमार ठाकुर, प्रकाश ओझा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।