विशेष राजस्व शिविर के पहले दिन लंबित दाखिल-खारिज मामलों के निष्पादन पर रहा जोर

Spread the love

रामगढ़ (झारखंड) : उपायुक्त श्री ऋतुराज के निर्देश पर जिले के सभी अंचल मुख्यालयों में 18 से 20 जून 2026 तक आयोजित विशेष राजस्व शिविर के पहले दिन गुरुवार को लंबित दाखिल-खारिज मामलों के त्वरित निष्पादन पर विशेष जोर दिया गया।

शिविर के दौरान 30 दिनों एवं 90 दिनों से अधिक समय से लंबित आपत्तियुक्त और आपत्तिरहित दाखिल-खारिज मामलों की समीक्षा कर उनका निष्पादन किया गया। अंचल अधिकारियों ने राजस्व अभिलेखों के आधार पर मामलों की जांच और सत्यापन करते हुए त्वरित सुनवाई की। वहीं आपत्तियुक्त मामलों में संबंधित पक्षों की सुनवाई सुनिश्चित कर आवश्यक कार्रवाई की गई।

जिले के विभिन्न अंचलों में बड़ी संख्या में रैयत एवं आम नागरिक अपने लंबित मामलों के समाधान के लिए शिविर में पहुंचे। प्राप्त आवेदनों और लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निपटारा किया गया। साथ ही स्वीकृत दाखिल-खारिज मामलों में शुद्धि पत्र वितरण की प्रक्रिया भी संचालित की गई।

शिविर के सफल संचालन के लिए सभी अंचल मुख्यालयों में सहायता काउंटर, पेयजल सहित आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई थी। नामित पर्यवेक्षण पदाधिकारियों ने शिविर की निगरानी करते हुए निष्पादन कार्यों की समीक्षा की।

उपायुक्त श्री ऋतुराज ने सभी अंचल अधिकारियों को निर्देश दिया है कि आगामी दो दिनों के शिविर में भी राजस्व मामलों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम नागरिकों को त्वरित राहत मिल सके।

गौरतलब है कि विशेष राजस्व शिविर के दूसरे दिन 19 जून को पंजी-2 में सुधार एवं लगान रसीद से संबंधित मामलों का निष्पादन किया जाएगा, जबकि 20 जून को अन्य राजस्व मामलों का समाधान किया जाएगा। जिला प्रशासन रामगढ़ (झारखंड) ने सभी रैयतों एवं आम नागरिकों से निर्धारित तिथियों में अपने संबंधित अंचल मुख्यालय पहुंचकर शिविर का लाभ उठाने की अपील की है।