सड़क दुर्घटना में भाजपा नेता सुबोध सिंह की मौत, भाजपाइयों में शोक

Spread the love

रामगढ़ कैंट, झारखंड : रामगढ़ थाना क्षेत्र के पटेल चौक के समीप शुक्रवार सुबह हुई सड़क दुर्घटना में भाजपा नेता एवं पूर्व नगर अध्यक्ष सुबोध सिंह की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही भाजपा कार्यकर्ताओं और उनके शुभचिंतकों में शोक की लहर दौड़ गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबोध सिंह अपनी स्कूटी से रामगढ़ शहर की ओर आ रहे थे। सुबह करीब 8 बजे रामगढ़-रांची मार्ग स्थित पटेल चौक के पास उनकी स्कूटी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में उनके सिर में गंभीर चोट लगी। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए होप हॉस्पिटल ले जाया गया। हालांकि चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद रामगढ़ पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

सुबोध सिंह भाजपा के सक्रिय एवं वरिष्ठ नेताओं में गिने जाते थे। वे रामगढ़ नगर भाजपा अध्यक्ष भी रह चुके थे और पार्टी के विभिन्न दायित्वों का निर्वहन कर चुके थे। राजनीतिक गतिविधियों के साथ-साथ वे सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभाते थे। वर्तमान में वे चुट्टूपालू स्थित एक निजी आईटीआई के हॉस्टल में मेस का संचालन करते थे। आशंका जताई जा रही है कि वे वहीं से लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।

उनके निधन पर भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं और सामाजिक संगठनों ने गहरा शोक व्यक्त किया है।