गोला में अवैध विदेशी शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़, भारी मात्रा में शराब बरामद, एक गिरफ्तार

Spread the love

रामगढ़, झारखंड : पुलिस अधीक्षक रामगढ़ को मिली गुप्त सूचना के आधार पर गोला थाना क्षेत्र के बन्दा गांव में अवैध विदेशी शराब निर्माण एवं भंडारण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रामगढ़ के नेतृत्व में गठित टीम ने अशोक साव और अनिल साव के घर पर छापेमारी कर भारी मात्रा में नकली विदेशी शराब, खाली बोतलें, स्टीकर और ढक्कन बरामद किए।

छापेमारी के दौरान अशोक साव (44 वर्ष), पिता रामा साव, ग्राम बन्दा, थाना गोला को अवैध विदेशी शराब का निर्माण करते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसका भाई अनिल साव (42 वर्ष) मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी अपने घरों में अवैध विदेशी शराब तैयार कर आसपास के क्षेत्रों के अलावा रजरप्पा मंदिर परिसर की दुकानों में भी बिक्री करते थे।

बरामद सामग्री

छापेमारी के दौरान पुलिस ने निम्नलिखित सामान बरामद किया—

  • विभिन्न आकार और ब्रांड के करीब 7,000 बोतल ढक्कन

  • विभिन्न ब्रांड की 1,800 खाली शराब की बोतलें

  • करीब 5,000 नकली शराब स्टीकर

  • विभिन्न ब्रांड की 376 बोतल विदेशी शराब (19 पेटी)

  • एक अल्टो कार (नंबर JH24B-7800)

पहले भी दर्ज हैं मामले

पुलिस जांच में सामने आया है कि अशोक साव और अनिल साव का पूर्व से भी आपराधिक इतिहास रहा है। दोनों के विरुद्ध गोला और रजरप्पा थाना में अवैध शराब कारोबार से संबंधित कई मामले दर्ज हैं। वर्ष 2019, 2022 और 2024 में भी दोनों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम एवं अन्य धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी है।

छापेमारी दल में शामिल अधिकारी

कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आलोक रंजन, गोला अंचल पुलिस निरीक्षक पंकज कुमार, थाना प्रभारी अभिषेक कुमार सहित गोला थाना के कई पुलिस पदाधिकारी, पैंथर मोबाइल दस्ता एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।