ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पाण्डेय सिंह ने किया रामगढ़ प्रखंड सह अंचल कार्यालय भवन का उद्घाटन

Spread the love

रामगढ़, झारखंड : झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पाण्डेय सिंह ने शुक्रवार को रामगढ़ जिले के दौरे के दौरान अनुमंडल कार्यालय परिसर के समीप नवनिर्मित प्रखंड सह अंचल कार्यालय भवन, रामगढ़ का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं स्थानीय नागरिकों की बड़ी संख्या मौजूद रही।

कार्यक्रम का शुभारंभ फीता काटकर किया गया। उद्घाटन के बाद मंत्री ने भवन का निरीक्षण कर विभिन्न कार्यालय कक्षों, नागरिक सुविधा केंद्रों तथा उपलब्ध कराई गई आधारभूत सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित यह भवन प्रशासनिक कार्यों के बेहतर संचालन और आम नागरिकों को त्वरित एवं सुगम सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

मंत्री दीपिका पाण्डेय सिंह ने कहा कि राज्य सरकार गांव, गरीब और आम जनता को केंद्र में रखकर विकास कार्यों को गति दे रही है। प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से विभिन्न क्षेत्रों में नए कार्यालय भवनों और आधारभूत संरचनाओं का निर्माण कराया जा रहा है, ताकि लोगों को सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ आसानी से मिल सके।

उन्होंने कहा कि प्रखंड एवं अंचल कार्यालय ग्रामीण विकास योजनाओं के क्रियान्वयन की महत्वपूर्ण इकाई हैं। बेहतर आधारभूत संरचना से कार्य संस्कृति और सेवा वितरण व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव आएगा। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आम जनता से जुड़े मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करें तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए संवेदनशीलता एवं पारदर्शिता के साथ कार्य करें।

कार्यक्रम में रामगढ़ विधायक ममता देवी, उपायुक्त ऋतुराज, सांसद प्रतिनिधि हजारीबाग, विधायक प्रतिनिधिगण, जिला एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने नवनिर्मित भवन को क्षेत्र के प्रशासनिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि इससे आम लोगों को सरकारी सेवाएं प्राप्त करने में सुविधा होगी और प्रशासनिक कार्यों की दक्षता में वृद्धि होगी।