रामगढ़, झारखंड : भारतीय जनता पार्टी रामगढ़ जिला कार्यसमिति सदस्य एवं पूर्व जिला कोषाध्यक्ष सुबोध कुमार सिंह के आकस्मिक निधन से भाजपा कार्यकर्ताओं और जिलेभर के लोगों में शोक की लहर दौड़ गई है। शुक्रवार को दामोदर नदी तट पर पूरे सम्मान और श्रद्धा के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया, जहां बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, सामाजिक कार्यकर्ता, मित्र एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
भाजपा रामगढ़ जिला अध्यक्ष संजीव कुमार बावला ने गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि सुबोध कुमार सिंह एक कर्मठ, निष्ठावान और समर्पित कार्यकर्ता थे, जिन्होंने संगठन को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने बताया कि शुक्रवार सुबह वे अपनी स्कूटी से कार्यस्थल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से उनका संतुलन बिगड़ गया और वे डिवाइडर से टकरा गए। दुर्घटना में उनके सिर पर गंभीर चोट लगी।
घटना के बाद उन्हें तत्काल सदर अस्पताल, रामगढ़ ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हॉप हॉस्पिटल रेफर किया गया। चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका और उनका निधन हो गया।
सुबोध कुमार सिंह का राजनीतिक जीवन अत्यंत सक्रिय और प्रेरणादायी रहा। उन्होंने भाजपा में बूथ अध्यक्ष, युवा मोर्चा नगर अध्यक्ष, नगर कोषाध्यक्ष, नगर उपाध्यक्ष, जिला कोषाध्यक्ष तथा जिला कार्यसमिति सदस्य सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया। संगठन के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और कार्यकर्ताओं के बीच उनकी लोकप्रियता उन्हें एक अलग पहचान दिलाती थी।
जिला अध्यक्ष संजीव कुमार बावला ने कहा कि सुबोध सिंह का निधन भाजपा रामगढ़ परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। संगठन ने एक ऐसे समर्पित और विश्वसनीय कार्यकर्ता को खो दिया है, जिसकी कमी लंबे समय तक महसूस की जाएगी।
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी, प्रदेश प्रवक्ता अविनेश कुमार सहित पार्टी के अनेक वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोकाकुल परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
सभी नेताओं ने कहा कि सुबोध कुमार सिंह का योगदान संगठन के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा और भाजपा परिवार उन्हें हमेशा श्रद्धापूर्वक याद करेगा।