कुजू बाजार से रेलवे स्टेशन मार्ग होगा अतिक्रमण मुक्त, प्रशासन ने शुरू किया सर्वे अभियान

Spread the love

कुजू (रामगढ़), झारखंड: कुजू बाजार से रेलवे स्टेशन जाने वाली सड़क को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए शनिवार को प्रशासन की ओर से विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के तहत सड़क के दोनों ओर किए गए अतिक्रमण की पहचान कर मकानों और दुकानों की सूची तैयार की गई।

अभियान में कुजू ओपी के पुअनि ओंकार पॉल, सअनि नगेंद्र सिंह, पुलिस बल तथा मांडू अंचल कार्यालय से भेजे गए अमीन शामिल रहे। अधिकारियों ने सड़क किनारे बने सीढ़ी, छज्जा और अन्य अतिक्रमणों को चिह्नित करते हुए संबंधित लोगों का विवरण दर्ज किया।

इससे पहले कुजू ओपी में आयोजित शांति समिति की बैठक में भी इस गंभीर मुद्दे को उठाया गया था। बैठक में मांडू सीओ तृप्ति विजया कुजूर एवं पुलिस अधिकारियों को बाजार क्षेत्र में लगने वाले जाम और आम लोगों को होने वाली परेशानियों से अवगत कराया गया था।

सीओ के निर्देश पर फिलहाल उन दुकानों और मकानों की सूची तैयार की जा रही है, जिनके सामने सीढ़ी, छज्जा या अन्य निर्माण कर सड़क का अतिक्रमण किया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी भूमि पर किए गए अतिक्रमण को नियमानुसार सभी प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद हटाया जाएगा।

अभियान के दौरान कई बार दुकानदारों और स्थानीय लोगों के बीच बहस की स्थिति भी बनी रही। वहीं सड़क किनारे सामान रखकर कारोबार करने वाले दुकानदारों में प्रशासनिक कार्रवाई को लेकर खलबली देखी गई।

अधिकारियों ने लोगों को चेतावनी देते हुए कहा कि पहले चरण की कार्रवाई से पूर्व वे स्वयं सड़क पर बने अवैध सीढ़ी और छज्जों को हटा लें। अन्यथा प्रशासन द्वारा नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।