कुजू (रामगढ़), झारखंड : मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं आपसी भाईचारे के माहौल में संपन्न कराने को लेकर शनिवार को कुजू ओपी परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस प्रशासन, जनप्रतिनिधियों, प्रबुद्ध नागरिकों एवं विभिन्न समुदायों के लोगों ने भाग लिया।
बैठक में एसडीपीओ रामगढ़ आलोक रंजन, एसडीओ कृष्ण मुरारी तिर्की, सीओ मांडू तृप्ति विजया कुजूर, मांडू इंस्पेक्टर रजत कुमार, कुजू ओपी प्रभारी आशुतोष कुमार सिंह, ओंकार पॉल, अभिनव कुमार सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
अधिकारियों ने कहा कि मुहर्रम आपसी सम्मान, अनुशासन और सामाजिक एकता का संदेश देने वाला पर्व है। उन्होंने सभी लोगों से अपील की कि जुलूस, अखाड़ा एवं अन्य धार्मिक आयोजनों के दौरान प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें। साथ ही सोशल मीडिया पर भड़काऊ अथवा आपत्तिजनक सामग्री साझा करने से बचने की सलाह दी गई।
बैठक में कहा गया कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि, विवाद या शांति व्यवस्था को प्रभावित करने वाली सूचना तत्काल पुलिस प्रशासन को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। अधिकारियों ने लोगों से आपसी सहयोग एवं समन्वय बनाए रखने की अपील की।
मौके पर मौजूद प्रबुद्ध नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया और मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने की प्रतिबद्धता जताई।
बैठक में शिव कुमार प्रसाद, श्रवण सिंह, जयकुमार ओझा, राकेश रॉक, अशोक कुमार, रतन प्रसाद, अरविंद कुमार, सरिता मंडल, अरशद अंसारी, सुनीता देवी, राजेंद्र कुशवाहा, राजू साव, मोहसिन खान, शंभुलाल ठाकुर, महेश ठाकुर, मो. गुलजार, धर्मराज राम, गुलाम नबी, मनीष सिंह, सरिता सिंह, छेदी महतो, ज्योतेंद्र प्रसाद साहू, जगदीश महतो, मो. मजहर समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।