रामगढ़, झारखंड :अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस के अवसर पर खेलकूद को बढ़ावा देने एवं स्थानीय खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से रामगढ़ जिला प्रशासन द्वारा जिला स्तरीय बैडमिंटन एवं तैराकी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। समाहरणालय छत्तर मांडू स्थित स्विमिंग पूल एवं बैडमिंटन कोर्ट परिसर में आयोजित प्रतियोगिता का शुभारंभ उपायुक्त श्री ऋतुराज ने रंग-बिरंगे गुब्बारे आसमान में उड़ाकर किया।
इस खेल उत्सव में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में बाल एवं युवा प्रतिभागियों, खेल प्रेमियों तथा अभिभावकों ने भाग लिया। उद्घाटन के बाद उपायुक्त ने बैडमिंटन कोर्ट का निरीक्षण कर खिलाड़ियों के खेल कौशल का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों को तकनीकी सुधार एवं बेहतर प्रदर्शन के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए।
इसके पश्चात उपायुक्त ने स्विमिंग पूल परिसर का भ्रमण कर तैराकी प्रतियोगिता में भाग ले रहे प्रतिभागियों से संवाद किया और उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने खिलाड़ियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करते हुए खेलों के प्रति समर्पण बनाए रखने की सलाह दी।
मौके पर उपायुक्त श्री ऋतुराज ने कहा कि खेल जीवन का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है, जो शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के साथ-साथ युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास करता है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन जिले के प्रतिभावान खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग, संसाधन एवं आधुनिक खेल अवसंरचना उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि वे राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर रामगढ़ का नाम रोशन कर सकें।
जिला खेल पदाधिकारी श्री संजीत कुमार की देखरेख में आयोजित प्रतियोगिता के सफल संचालन एवं बेहतर व्यवस्थाओं की अभिभावकों एवं विभिन्न खेल संघों ने सराहना की।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त श्री आशीष अग्रवाल, अनुमंडल पदाधिकारी श्री कृष्ण मुरारी तिर्की, प्रभारी पदाधिकारी गोपनीय शाखा श्री रविंद्र कुमार गुप्ता, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ. प्रभात शंकर सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।