पेयजल व स्वच्छता विभाग के सचिव से मिलते सांसद मनीष जायसवाल
हजारीबाग / रांची, झारखंड : हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल ने बुधवार को रांची में झारखंड सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात कर क्षेत्र की आधारभूत संरचना और पेयजल व्यवस्था से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों को उठाया। उन्होंने लंबित सड़क परियोजनाओं को गति देने और जलापूर्ति योजनाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा कराने की मांग की।
दिल्ली में लोकसभा की प्राक्कलन समिति की बैठक में शामिल होने के बाद रांची पहुंचे सांसद ने पथ निर्माण विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार से भेंट कर हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र में प्रस्तावित और लंबित सड़क योजनाओं पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने एनएच-33 हजारीबाग-चतरा मार्ग से हजारीबाग-बगोदर सड़क को जोड़ने वाली बाईपास फेज-2 परियोजना को शीघ्र स्वीकृति दिलाने का आग्रह किया।
इसके अलावा रामगढ़ के पटेल चौक से बोंगाबार तक करीब 10 किलोमीटर सड़क को फोरलेन बनाने के प्रस्ताव को केंद्रीय सड़क अवसंरचना योजना (CRIF) के तहत केंद्र सरकार को भेजने की मांग भी रखी। सांसद ने नया मोड़ चौक से गिद्दी दामोदर पुल तक हीरक रोड की मरम्मत तथा कोठार चौक से गोला तक सड़क चौड़ीकरण की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
इसी क्रम में उन्होंने पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के सचिव अबू इमरान से मुलाकात कर बरही-चौपारण जलापूर्ति योजना को जल्द धरातल पर उतारने की मांग की। सांसद ने हजारीबाग और रामगढ़ जिलों में जल जीवन मिशन की प्रगति पर चिंता जताते हुए कहा कि कई गांवों में अब भी घर-घर नल कनेक्शन नहीं पहुंच पाए हैं और अनेक क्षेत्रों में नियमित जलापूर्ति की समस्या बनी हुई है।
उन्होंने विभागीय अधिकारियों से योजनाओं की समीक्षा कर कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा कराने तथा लापरवाही बरतने वाली एजेंसियों और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र में बेहतर सड़क नेटवर्क, मजबूत आधारभूत संरचना और प्रत्येक घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए वे लगातार संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर कार्य कर रहे हैं।