जिला स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में विवेक शर्मा बने चैंपियन, अंडर-19 वर्ग में हासिल किया प्रथम स्थान

Spread the love

रामगढ़, झारखंड : अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस के अवसर पर रामगढ़ जिला प्रशासन द्वारा आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में अंडर-19 बालक वर्ग के मुकाबले में विवेक शर्मा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। उनकी इस उपलब्धि से परिवार सहित पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

पंडित मुरारी मोहन शर्मा के पुत्र विवेक शर्मा ने छत्तरमांडू इंडोर स्टेडियम स्थित बैडमिंटन कोर्ट में आयोजित प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। वहीं ईशांत कुमार ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।

प्रतियोगिता का समापन बुधवार को उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। समापन समारोह में रामगढ़ विधायक ममता देवी, उपायुक्त ऋतुराज एवं पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों ने विभिन्न आयु वर्गों के फाइनल मुकाबलों का अवलोकन किया और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

विजेता खिलाड़ियों को मेडल, ट्रॉफी, प्रमाण-पत्र एवं खेल किट प्रदान कर सम्मानित किया गया। जिला खेल पदाधिकारी संजीत कुमार के नेतृत्व में आयोजित इस प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न प्रखंडों और क्षेत्रों से बड़ी संख्या में खिलाड़ियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने अनुशासन, खेल भावना और उत्कृष्ट प्रतिस्पर्धा का परिचय दिया।

विवेक शर्मा की सफलता पर गुरुवार को किला मंदिर स्थित उनके आवास पर स्थानीय लोगों ने उन्हें बुके भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि विवेक ने अपनी मेहनत, लगन और निरंतर अभ्यास के बल पर जिला स्तरीय प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर अपने माता-पिता और पूरे जिले का नाम गौरवान्वित किया है।

सम्मान समारोह के दौरान विवेक शर्मा ने कहा कि उनका लक्ष्य राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर रामगढ़ जिला और झारखंड का नाम रोशन करना है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, प्रशिक्षकों और शुभचिंतकों को दिया।

इस मौके पर रूपा, पूजा, अर्चना, पुष्पा, तनिष्का, मयंक, पूनम, अंशु सहित अनेक स्थानीय लोग उपस्थित रहे और विवेक शर्मा को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।