रामगढ़ में प्रमंडलीय आयुक्त विजय कुमार गुप्ता ने सहायता केंद्र का किया उद्घाटन, अवैध खनन और एक्सपायरी वाहनों पर सख्ती के निर्देश

Spread the love
गार्ड ऑफ ऑनर लेते आयुक्त विजय कुमार गुप्ता 

रामगढ, झारखंड़ : उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल के आयुक्त विजय कुमार गुप्ता ने शनिवार को रामगढ़ जिले का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने समाहरणालय परिसर में आम नागरिकों की सुविधा के लिए बनाए गए सहायता केंद्र का उद्घाटन किया तथा जन शिकायत कोषांग, राजस्व एवं विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा की।

दौरे की शुरुआत स्थानीय परिसदन (सर्किट हाउस) से हुई, जहां जिला प्रशासन ने आयुक्त को गार्ड ऑफ ऑनर दिया। उपायुक्त ऋतुराज ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। इसके बाद आयुक्त ने समाहरणालय स्थित जन शिकायत कोषांग का निरीक्षण किया और लाभुकों से सीधे बातचीत कर फीडबैक लिया। एक सप्ताह के भीतर शिकायतों के समाधान की व्यवस्था पर उन्होंने संतोष व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन की सराहना की।

समीक्षा बैठक में आयुक्त ने सभी अंचल अधिकारियों को पंजी-2 के भौतिक एवं डिजिटल संरक्षण, ऑनलाइन रिकॉर्ड के रखरखाव और राजस्व संग्रह में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने अवैध जमाबंदी रद्द करने के लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन, सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने तथा नए अतिक्रमण पर रोक लगाने को कहा।

खनन विभाग की समीक्षा के दौरान अवैध खनन और अवैध परिवहन पर प्रभावी कार्रवाई करने, टास्क फोर्स को सक्रिय रखने तथा दर्ज मामलों की नियमित समीक्षा के निर्देश दिए गए। उत्पाद विभाग को अवैध शराब की बिक्री, तस्करी और मिलावट के खिलाफ लगातार अभियान चलाने तथा राजस्व संग्रह बढ़ाने को कहा गया।

आगामी मानसून को देखते हुए नगर परिषद को शहर की सभी नालियों की विशेष सफाई सुनिश्चित करने और जलजमाव रोकने के निर्देश दिए गए। परिवहन विभाग को नियमित वाहन जांच अभियान चलाने, स्कूल बसों की फिटनेस जांच करने तथा एक्सपायरी रजिस्ट्रेशन वाले वाहनों का परिचालन तत्काल बंद कराने को कहा गया।

बैठक में मत्स्य विभाग, अवर निबंधक कार्यालय, परिशोधन पोर्टल तथा नीलाम पत्र वादों की भी समीक्षा की गई। आयुक्त ने रामगढ़ की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण के लिए कार्ययोजना तैयार करने का सुझाव दिया।

बैठक के अंत में उपायुक्त ऋतुराज ने आयुक्त द्वारा दिए गए सभी निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने और जिले में विकास कार्यों व राजस्व संग्रह में तेजी लाने का भरोसा दिलाया।