रामगढ, झारखंड : रामगढ़ जिला प्रशासन ने आपदा प्रभावित परिवारों को त्वरित राहत प्रदान करते हुए शनिवार को कुल ₹52,65,500 की मुआवजा राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से हस्तांतरित की। प्रमंडलीय आयुक्त विजय कुमार गुप्ता एवं उपायुक्त ऋतुराज ने संयुक्त रूप से राहत राशि का हस्तांतरण किया।
प्रशासन की ओर से वज्रपात, पानी में डूबने तथा सड़क दुर्घटनाओं में जान गंवाने वाले लोगों के आश्रितों के साथ-साथ पशुहानि से प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान की गई। वज्रपात से मृत 5 लोगों के आश्रितों, पानी में डूबने से मृत 5 लोगों के परिजनों, सड़क दुर्घटनाओं में मृत 3 लोगों के परिवारों तथा वज्रपात में 16 दुधारू एवं अन्य पशुओं की मौत से प्रभावित पशुपालकों को मुआवजा दिया गया।
इस अवसर पर प्रमंडलीय आयुक्त विजय कुमार गुप्ता ने कहा कि सरकार और जिला प्रशासन आपदा की हर परिस्थिति में प्रभावित परिवारों के साथ संवेदनशीलता के साथ खड़ा है। वहीं उपायुक्त ऋतुराज ने सभी अंचल अधिकारियों एवं संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि आपदा से जुड़े मामलों का निष्पादन सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर किया जाए, ताकि पीड़ितों को राहत के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।