रामगढ, झारखंड : उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल के आयुक्त विजय कुमार गुप्ता ने शनिवार को रामगढ़ जिले के दौरे के दौरान समाहरणालय परिसर एवं सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रमों में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने उपायुक्त ऋतुराज के साथ सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के तहत दिव्यांगजनों एवं बुजुर्गों के बीच परिसंपत्तियों और प्रमाणपत्रों का वितरण किया।
कार्यक्रम के दौरान आयुक्त ने दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल प्रदान की, ताकि उनकी गतिशीलता बढ़े और वे आत्मनिर्भर बन सकें। साथ ही पात्र लाभुकों को दिव्यांगता प्रमाणपत्र भी सौंपे गए, जिससे उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सके।
इसके अलावा पात्र बुजुर्गों के बीच वृद्धावस्था पेंशन स्वीकृति प्रमाणपत्र का वितरण किया गया, जिससे उन्हें सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।
लाभुकों को संबोधित करते हुए प्रमंडलीय आयुक्त विजय कुमार गुप्ता ने कहा कि राज्य सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि दिव्यांगजनों और बुजुर्गों से जुड़ी सभी योजनाओं का लाभ पूरी पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सुनिश्चित किया जाए।