रामगढ़ (झारखंड) : पर्यावरण संरक्षण और पक्षियों के प्रति संवेदनशीलता का संदेश देते हुए इनर व्हील क्लब ऑफ रामगढ़ ने अपने सदस्यों के बीच बर्ड वाटर पॉट (पक्षियों के लिए जलपात्र) का वितरण किया। इस पहल का उद्देश्य लोगों को अपने घरों और आसपास के स्थानों पर पक्षियों के लिए पानी उपलब्ध कराने के लिए प्रेरित करना है।
क्लब की ओर से बताया गया कि बढ़ते तापमान और भीषण गर्मी के दौरान पक्षियों को पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने घर के बाहर एक जलपात्र रखे, तो बड़ी संख्या में पक्षियों को राहत मिल सकती है और उनके संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।
क्लब सदस्यों ने इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण, जीव-जंतुओं के प्रति करुणा तथा प्रकृति के संतुलन को बनाए रखने का संदेश भी दिया। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे नियमित रूप से जलपात्र में स्वच्छ पानी भरें और पक्षियों के लिए सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने में अपनी भागीदारी निभाएं।
कार्यक्रम के दौरान क्लब की अध्यक्षा श्वेता जैन के साथ निधि चौधरी, प्रियंका जैन, अनुराधा श्रॉफ, मनबीर कौर, रेणु मेवाड़, पिंकी पोद्दार, मेघा बगड़िया, नमिता श्रॉफ, सुमा सोनी, ममता अग्रवाल, मधु अग्रवाल एवं अंबाली जैन सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहीं।
इनर व्हील क्लब ने इसे पर्यावरण संरक्षण, जीवों के प्रति संवेदना और समाज में सकारात्मक जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक छोटी लेकिन सार्थक पहल बताया।