रामगढ़ (झारखंड) :भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) रामगढ़ जिला इकाई की ओर से शनिवार को राधा गोविंद सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल, जारा टोला में जिला स्तरीय डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले भर से बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, मंडल पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं विद्यार्थियों ने भाग लिया। गोष्ठी में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के राष्ट्र निर्माण में योगदान को स्मरण करते हुए उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा के प्रदेश मंत्री सरोज सिंह तथा विशिष्ट अतिथि बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी रहे।
मुख्य अतिथि सरोज सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि भारतीय राष्ट्रवाद के प्रखर प्रवक्ता और राष्ट्रीय एकता के महान पुरोधा थे। उन्होंने कहा कि देश की अखंडता और एकता के लिए उन्होंने अपना सर्वस्व समर्पित कर दिया। उन्होंने लियाकत-नेहरू समझौते के विरोध में केंद्रीय उद्योग मंत्री पद से इस्तीफा दिया तथा जम्मू-कश्मीर की तत्कालीन परमिट व्यवस्था का विरोध करते हुए गिरफ्तारी दी।
उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी का उद्घोष “एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान नहीं चलेंगे” आज भी राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटने और भारतीय संविधान पूरी तरह लागू होने के साथ डॉ. मुखर्जी के सपनों को साकार करने की दिशा में ऐतिहासिक उपलब्धि प्राप्त हुई है।
विशिष्ट अतिथि एवं बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक राष्ट्रवाद और जनसेवा के प्रतीक थे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से उनके विचारों को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान करते हुए आगामी पंचायत चुनावों में सक्रिय भूमिका निभाने तथा ग्राम पंचायत स्तर तक संगठन को मजबूत करने पर बल दिया।
उन्होंने कहा कि झारखंड में भाजपा को और अधिक सशक्त बनाने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को बूथ स्तर पर सक्रिय रहना होगा। संगठन की मजबूती ही चुनावी सफलता का आधार होती है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष अरुण कुमार बावला ने कहा कि विचार गोष्ठी का उद्देश्य डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के जीवन, संघर्ष, त्याग और राष्ट्रवादी विचारों से नई पीढ़ी को परिचित कराना है। उन्होंने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का उल्लेख करते हुए बताया कि भाजपा बूथ स्तर तक सक्रिय रूप से कार्य कर रही है और बीएलए-2 कार्यकर्ताओं को प्रत्येक समर्थक मतदाता का नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी दी गई है।
उन्होंने बताया कि भाजपा द्वारा 23 जून को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस से लेकर 6 जुलाई को उनकी जयंती तक जिले के विभिन्न मंडलों और बूथों पर विचार गोष्ठी, पुष्पांजलि, संगोष्ठी एवं जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन आयोजनों के माध्यम से कार्यकर्ताओं एवं आम लोगों को उनके राष्ट्रवादी विचारों और देश की एकता-अखंडता के लिए दिए गए योगदान से अवगत कराया जा रहा है।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि इन कार्यक्रमों से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और संगठनात्मक सक्रियता का संचार हुआ है। उन्होंने गोष्ठी को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री राजू चतुर्वेदी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन जिला कोषाध्यक्ष अशोक कुमार सोनी ने किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में सुनील प्रसाद, लक्ष्मी देवी, किरण देवी, शिव कुमार महतो, बबलू साव, रमेश करमाली, मनोज महतो, रीति श्रीवास्तव, शीतल सिंह और सरिता देवी का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इस अवसर पर जिला मीडिया प्रभारी राजीव पामदत्त, जिला सोशल मीडिया प्रभारी संतोष शर्मा, भीमसेन चौहान, उज्ज्वल चक्रवर्ती, दिनेश प्रसाद, सुशांत कुमार पांडेय, रूपा देवी, शौर्य प्रसाद कुशवाहा, जितेंद्र साहू, ब्रजेश पाठक, विनीता सिंह, शशि शेखर सिंह, सुमंत मिश्रा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं कॉलेज के विद्यार्थी उपस्थित रहे।