रामगढ़ (झारखंड) :उपायुक्त ऋतुराज के निर्देशानुसार रामगढ़ जिले में निर्माण श्रमिक, असंगठित श्रमिक एवं प्रवासी श्रमिकों का श्रमाधान पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत जिले के सभी प्रखंडों में विशेष पंजीकरण शिविर लगाए जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक पात्र श्रमिकों का निबंधन सुनिश्चित किया जा सके।
श्रम अधीक्षक अनिल कुमार रंजन ने बताया कि पंजीकरण के बाद श्रमिकों को श्रम विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिलेगा। उन्होंने सभी पात्र श्रमिकों से अपील की कि वे आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपने नजदीकी पंजीकरण शिविर में पहुंचकर निबंधन कराएं।
उन्होंने बताया कि पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के लिए निर्माण श्रमिक सेफ्टी किट योजना के तहत हेलमेट एवं एक जोड़ी सुरक्षा जूते खरीदने के लिए ₹1,000 की आर्थिक सहायता दी जाती है। वहीं श्रमिक औजार सहायता योजना के अंतर्गत ₹300 की सहायता राशि उपलब्ध कराई जाती है, जिससे श्रमिक अपने कार्य के लिए जरूरी उपकरण खरीद सकें।
इसके अलावा मेधावी पुत्र/पुत्री छात्रवृत्ति योजना के तहत पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के मेधावी बच्चों को उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों के आधार पर ₹5,000 से ₹50,000 तक की छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है। श्रम विभाग द्वारा श्रमिकों की सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा के लिए अन्य कई कल्याणकारी योजनाएं भी संचालित की जा रही हैं।
उपायुक्त ऋतुराज ने जिले के सभी पात्र निर्माण श्रमिकों, असंगठित श्रमिकों एवं प्रवासी श्रमिकों से अपील की है कि वे अपने नजदीकी प्रखंड स्तरीय पंजीकरण शिविर में पहुंचकर अथवा श्रमाधान पोर्टल के माध्यम से अपना निबंधन अवश्य कराएं, ताकि सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर प्राप्त हो सके।