कुजू (रामगढ़), झारखंड : सीसीएल कुजू क्षेत्र की तोपा परियोजना में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे में सीसीएल कर्मी की डूबने से मौत हो गई। घटना तोपा परियोजना वर्कशॉप के समीप स्थित पंप हाउस में जमा पानी में हुई। सूचना मिलने पर कुजू ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, रामगढ़ भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान लालू मुंडा (55 वर्ष), पिता जाना मुंडा, के रूप में हुई है। वह सीसीएल की तोपा खुली खदान में पंप खलासी के पद पर कार्यरत थे और शिव मंदिर के समीप निवास करते थे।
बताया जाता है कि गुरुवार को लालू मुंडा पंप हाउस के निकट जमा पानी में नहाने गए थे। इसी दौरान वह गहरे पानी में डूब गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। कुछ देर बाद शव दिखाई देने पर सहकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से उसे पानी से बाहर निकाला और घटना की सूचना कुजू ओपी पुलिस को दी।
सूचना मिलने पर कुजू ओपी के अवर निरीक्षक नागेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, रामगढ़ भेज दिया।
इस घटना से सीसीएल कर्मियों और स्थानीय लोगों में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।