पतरातू (रामगढ़), झारखंड : पतरातू प्रखंड के सरैया टोला स्थित दामोदर मिनरल प्राइवेट लिमिटेड के तत्वावधान में शुक्रवार को स्वागत एवं सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में सीसीएल बरका-सयाल क्षेत्र के पूर्व महाप्रबंधक अजय कुमार सिंह को भावभीनी विदाई दी गई, जबकि नवनियुक्त महाप्रबंधक रंजय कुमार सिन्हा का गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
कार्यक्रम की मेजबानी दामोदर मिनरल के निदेशक गजानंद प्रसाद ने की। इस दौरान कंपनी की ओर से दोनों अधिकारियों को पुष्पगुच्छ, शॉल और स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया।
विकास को नई दिशा देने की जताई उम्मीद
समारोह को संबोधित करते हुए दामोदर मिनरल के निदेशक गजानंद प्रसाद ने कहा कि पूर्व महाप्रबंधक अजय कुमार सिंह ने अपनी कार्यकुशलता, बेहतर प्रबंधन क्षमता और सभी वर्गों को साथ लेकर चलने की कार्यशैली से बरका-सयाल क्षेत्र को नई पहचान दिलाई। उन्होंने विश्वास जताया कि नए महाप्रबंधक रंजय कुमार सिन्हा के नेतृत्व में क्षेत्र विकास के नए आयाम स्थापित करेगा तथा मजदूर नेता रमेंद्र कुमार के सपनों के अनुरूप आगे बढ़ेगा।
पूर्व महाप्रबंधक अजय कुमार सिंह ने कहा कि बरका-सयाल क्षेत्र में कार्य करने का अनुभव उनके लिए हमेशा यादगार रहेगा। अधिकारियों, कर्मचारियों, श्रमिक संगठनों और स्थानीय लोगों से मिले सहयोग एवं स्नेह को वे कभी नहीं भूल पाएंगे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की उपलब्धियों में सभी की सामूहिक भूमिका रही है।
वहीं, नवनियुक्त महाप्रबंधक रंजय कुमार सिन्हा ने कहा कि उत्पादन के साथ-साथ श्रमिक कल्याण, सुरक्षा और क्षेत्रीय विकास उनकी प्राथमिकता होगी। सभी के सहयोग से बरका-सयाल क्षेत्र को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
श्रमिक हित और समन्वय पर जोर
एटक के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं जेबीसीसीआई सदस्य रमेंद्र कुमार ने कहा कि किसी भी औद्योगिक क्षेत्र की प्रगति अधिकारियों, कर्मचारियों, श्रमिकों और स्थानीय लोगों के बेहतर समन्वय से संभव होती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नए महाप्रबंधक सभी वर्गों को साथ लेकर विकास कार्यों को गति देंगे।
सीसीएल वेलफेयर बोर्ड के सदस्य एवं यूसीडब्ल्यूयू के बरका-सयाल क्षेत्रीय सचिव विंध्याचल बेदिया ने कहा कि अजय कुमार सिंह का कार्यकाल उपलब्धियों से भरा रहा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नए महाप्रबंधक श्रमिक हितों, कल्याण और क्षेत्रीय विकास को प्राथमिकता देंगे।
सांस्कृतिक कार्यक्रम ने बांधा समां
समारोह के दौरान उज्ज्वला सिन्हा एवं इलाप्रभा ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम को यादगार बना दिया। गीत-संगीत की मनमोहक प्रस्तुतियों का उपस्थित लोगों ने भरपूर आनंद लिया।
इस अवसर पर जीएम (ऑपरेशन) दिलीप कुमार, उरीमारी परियोजना पदाधिकारी अनिल कुमार सिंह, एरिया फाइनेंस मैनेजर राजेश वेंकटा, बिरसा परियोजना पदाधिकारी मनोज कुमार पांडेय, मगध परियोजना पदाधिकारी सुबोध कुमार, दामोदर मिनरल के निदेशक महेश प्रसाद, गायत्री देवी, प्रभात कुमार, अविनाश कुमार, अंजलि रानी, ओमप्रकाश सिंह, संजय शर्मा, विस्थापित नेता अंबर कुमार सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, जनप्रतिनिधि, श्रमिक नेता और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।