सरकारी योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार, गुणवत्तापूर्ण कंटेंट और समयबद्ध कार्य निष्पादन पर दिया जोर
रामगढ़ (झारखंड) :उपायुक्त श्री ऋतुराज ने सोमवार को जिला जनसंपर्क कार्यालय का निरीक्षण कर कार्यालय की कार्यप्रणाली एवं जनसंपर्क गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अभिलेखों के संधारण, सरकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार, सोशल मीडिया संचालन, प्रेस विज्ञप्तियों के निर्गमन, डिजिटल संचार व्यवस्था तथा अन्य जनसंपर्क कार्यों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का भ्रमण किया और अधिकारियों एवं कर्मियों से उनके दायित्वों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम उपयोग करते हुए सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी समयबद्ध, तथ्यपरक और प्रभावी ढंग से आम लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
इसके बाद आयोजित समीक्षा बैठक में उपायुक्त ने मीडिया समन्वय, प्रेस विज्ञप्तियों की गुणवत्ता, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के प्रभावी संचालन, फोटो एवं वीडियो डॉक्यूमेंटेशन, जन-जागरूकता अभियानों तथा विभिन्न विभागों से प्राप्त सूचनाओं के समन्वय की विस्तार से समीक्षा की।
उन्होंने निर्देश दिया कि शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, पेयजल, सड़क सुरक्षा, आपदा प्रबंधन, निर्वाचन, महिला एवं बाल विकास, सामाजिक सुरक्षा सहित सरकार की प्राथमिकता वाली सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक पात्र लाभुक योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।
उपायुक्त ने जिला प्रशासन के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को और अधिक सक्रिय एवं जनोन्मुख बनाने, गुणवत्तापूर्ण फोटो एवं वीडियो सामग्री तैयार करने, महत्वपूर्ण कार्यक्रमों का नियमित दस्तावेजीकरण करने तथा नवाचारों और सफलता की कहानियों को प्राथमिकता के साथ प्रचारित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कार्यालय में समयबद्ध कार्य निष्पादन, अनुशासन, पारदर्शिता और उत्तरदायित्व सुनिश्चित करने पर विशेष बल देते हुए कहा कि प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मी टीम भावना के साथ कार्य करें तथा जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। साथ ही लंबित कार्यों का शीघ्र निष्पादन एवं विभागीय कार्यों की नियमित समीक्षा सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया।
बैठक के अंत में उपायुक्त श्री ऋतुराज ने कहा कि सूचना का त्वरित, तथ्यपरक एवं विश्वसनीय प्रसार सुशासन की आधारशिला है। उन्होंने जिला जनसंपर्क कार्यालय की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी, आधुनिक एवं परिणामोन्मुख बनाने पर बल देते हुए कहा कि जनहितकारी योजनाओं की जानकारी समय पर आम नागरिकों तक पहुंचाना विभाग की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।