रामगढ़ में सघन वाहन जांच अभियान, नियम तोड़ने वालों से ₹41 हजार जुर्माना वसूला

Spread the love

रामगढ़ (झारखंड) : रामगढ़ जिले में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रभावी अनुपालन को लेकर मंगलवार को व्यापक वाहन जांच अभियान चलाया गया। उपायुक्त ऋतुराज के निर्देश पर मोटरयान निरीक्षक द्वारा जिले के विभिन्न स्थानों पर वाहनों की जांच की गई। अभियान का उद्देश्य यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाना और नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करना था।

दस्तावेजों की हुई जांच

अभियान के दौरान करीब 15 वाहनों की जांच की गई। इस दौरान वाहन चालकों से ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन निबंधन प्रमाण पत्र (आरसी), बीमा, प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण पत्र (पीयूसी), फिटनेस, परमिट सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई।

इसके साथ ही वाहन चालकों को निर्धारित गति सीमा का पालन करने, सभी जरूरी दस्तावेज साथ रखने तथा सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने के लिए जागरूक भी किया गया।

नियम उल्लंघन पर कार्रवाई

जांच के दौरान मोटर वाहन अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन माध्यम से कुल ₹41,000 का जुर्माना वसूला गया।

आगे भी जारी रहेगा अभियान

मोटरयान निरीक्षक ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जिले में इस तरह के विशेष जांच अभियान नियमित रूप से चलाए जाएंगे।

उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे सभी वैध दस्तावेजों के साथ ही वाहन चलाएं, यातायात नियमों का पालन करें और अपनी तथा अन्य लोगों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।