रामगढ़ में पथ विक्रेताओं के लिए बनेगा सुव्यवस्थित वेंडिंग जोन, नगर विक्रेता समिति ने लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय

Spread the love

रामगढ़ कैंट (झारखंड) : शहर के पथ विक्रेताओं को व्यवस्थित और सुरक्षित व्यवसायिक माहौल उपलब्ध कराने की दिशा में बुधवार को छावनी परिषद कार्यालय में नगर विक्रेता समिति (टाउन वेंडिंग कमेटी – TVC) की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता छावनी परिषद के मुख्य अधिशासी अधिकारी एवं नगर विक्रेता समिति के अध्यक्ष विवेक सिंह ने की। बैठक में शहर में सुव्यवस्थित वेंडिंग जोन विकसित करने तथा पथ विक्रेताओं को नियमानुसार निर्धारित स्थान उपलब्ध कराने को लेकर कई अहम निर्णय लिए गए।

व्यवसाय के आधार पर होगा स्टॉल आवंटन

समिति ने निर्णय लिया कि फल, सब्जी, मांस, चिकन, मछली, रेडीमेड कपड़े एवं अन्य वस्तुओं का कारोबार करने वाले विक्रेताओं को अलग-अलग श्रेणियों में विभाजित कर उनके व्यवसाय के अनुरूप स्थान आवंटित किए जाएंगे। इससे बाजार क्षेत्र में यातायात व्यवस्था और स्वच्छता बनाए रखने में आसानी होगी।

नए बस स्टैंड में विकसित होगा वेंडिंग जोन

बैठक में तय किया गया कि नए बस पड़ाव परिसर के ब्लॉक A, B, C, D एवं E में फल एवं सब्जी विक्रेताओं को स्थान दिया जाएगा। वहीं ब्लॉक F और G को मांस, चिकन और मछली विक्रेताओं के लिए आरक्षित किया गया है, जहां स्वच्छता संबंधी सभी मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाएगा।

फूड वेंडरों के लिए बनेगा अलग चौपाटी क्षेत्र

खाद्य सामग्री बेचने वाले स्ट्रीट फूड विक्रेताओं के लिए अलग से चौपाटी क्षेत्र विकसित करने पर भी सहमति बनी। इसका उद्देश्य लोगों को स्वच्छ एवं बेहतर वातावरण में खान-पान की सुविधा उपलब्ध कराना है।

स्टॉल का आकार होगा निर्धारित

समिति ने सभी पथ विक्रेताओं के लिए स्टॉल का अधिकतम आकार 8×6 फीट निर्धारित किया। साथ ही वेंडिंग जोन में पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई और सुगम आवागमन जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।

पंजीकरण और पहचान पत्र होंगे अनिवार्य

बैठक में सभी पथ विक्रेताओं का पंजीकरण कर उन्हें पहचान पत्र जारी करने तथा नियमों के अनुरूप स्थायी स्थान आवंटित करने का निर्णय लिया गया। समिति ने स्पष्ट किया कि केवल पंजीकृत विक्रेताओं को ही निर्धारित वेंडिंग जोन में व्यवसाय करने की अनुमति दी जाएगी।

नियमों के पालन की अपील

प्रशासन ने सभी पथ विक्रेताओं से निर्धारित नियमों, स्वच्छता मानकों और नगर विक्रेता समिति के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की, ताकि शहर को व्यवस्थित, स्वच्छ और यातायात अनुकूल बनाया जा सके।

बैठक में स्टेशन मुख्यालय के प्रतिनिधि, अनुमंडल पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), थाना प्रतिनिधि, पथ निर्माण विभाग, चेंबर ऑफ कॉमर्स, इनर व्हील क्लब, लायंस क्लब, अंचल कार्यालय, छावनी जनरल अस्पताल, बैंक ऑफ इंडिया के प्रतिनिधि, स्ट्रीट वेंडर संगठनों के पदाधिकारी तथा छावनी परिषद के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।