प्लास्टिक हटाओ, पर्यावरण बचाओ : रोटरी क्लब रामगढ़ ने चलाया जन जागरूकता अभियान

Spread the love

रामगढ़ कैंट (झारखंड) : रोटरी क्लब रामगढ़ द्वारा संचालित सेवा पखवाड़ा के तहत शुक्रवार को “प्लास्टिक हटाओ, पर्यावरण बचाओ” विषय पर जनजागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आम लोगों को सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभावों से अवगत कराना तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित करना था।

कार्यक्रम में रोटेरियन सुरेश पी. अग्रवाल, संजीव सिंह ‘संजू’ एवं कमलेश्वर सिंह ने कहा कि प्लास्टिक का बढ़ता उपयोग मानव स्वास्थ्य और पर्यावरण दोनों के लिए गंभीर खतरा बनता जा रहा है। उन्होंने कहा कि देशभर में सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध लगाया गया है, इसलिए लोगों को पॉलीथिन का उपयोग पूरी तरह बंद कर देना चाहिए। इसके स्थान पर कपड़े, जूट और कागज के थैलों का उपयोग करना चाहिए, जो पूरी तरह पर्यावरण अनुकूल हैं।

उन्होंने लोगों से अपील की कि वे स्वयं प्लास्टिक और पॉलीथिन का इस्तेमाल न करें तथा दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करें। बाजार जाते समय कपड़े या जूट का थैला साथ ले जाने की आदत विकसित करने पर विशेष जोर दिया गया।

रोटरी क्लब रामगढ़ के अध्यक्ष राजेश कुमार मोदी एवं सचिव आशीष दास ने संयुक्त बयान जारी कर कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज पूरी दुनिया के सामने सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक है। उन्होंने बताया कि पर्यावरण हमारे चारों ओर मौजूद जैविक, अजैविक एवं मानव निर्मित सभी तत्वों से मिलकर बनता है। यदि हम सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग कम करेंगे तो पर्यावरण का संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकेंगे।

उन्होंने सभी नागरिकों से आह्वान किया कि वे संकल्प लें—“प्लास्टिक हटाएं, जीवन बचाएं और मिलकर पृथ्वी को स्वच्छ एवं सुरक्षित बनाएं।”

कार्यक्रम में रोटरी क्लब रामगढ़ के अध्यक्ष राजेश कुमार मोदी, सचिव आशीष दास, रोटेरियन सुरेश पी. अग्रवाल, संजीव सिंह ‘संजू’, कमलेश्वर सिंह, सुरेश बौंदिया, संजय अग्रवाल (मथुरा वाले), विजय अग्रवाल, विजय पोद्दार, संजय शर्मा, राहुल जैन एवं संजय जैन सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की जानकारी रोटरी क्लब रामगढ़ के मीडिया प्रभारी रोटेरियन अमरेश गणक ने दी।