रामगढ़ कैंट (झारखंड) : झारखंड पेंशनर कल्याण समाज, रामगढ़ जिला कार्यकारिणी की मासिक बैठक रविवार को जिला कार्यालय, पुराना अनुमंडल परिसर में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष आशुतोष कुमार सिंह ने की। बैठक में संगठन को मजबूत बनाने, सदस्यता अभियान में तेजी लाने तथा हाल ही में कैंट जनरल हॉस्पिटल के दौरे से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक की शुरुआत पिछली बैठक की कार्यवाही की पुष्टि के साथ हुई। इसके बाद सदस्यता पंजी के माध्यम से जिले के सभी प्रखंडों के पेंशनरों का नाम सूचीबद्ध करने की प्रक्रिया प्रारंभ की गई। निर्णय लिया गया कि जल्द से जल्द पूरे जिले के सदस्यों की सूची तैयार कर राज्य कार्यालय को भेजी जाएगी।
बैठक के दौरान समाज के संरक्षक दिलीप साहा ने पेंशनर समाज के प्रतिनिधिमंडल द्वारा कैंट जनरल हॉस्पिटल के हालिया दौरे की विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. सौरभ पांडे एवं पीओ डॉ. पंकज बनर्जी के साथ पेंशनरों की स्वास्थ्य सुविधाओं सहित विभिन्न विषयों पर सकारात्मक चर्चा हुई।
बैठक समाप्त होने के बाद पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए जिला कार्यालय परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। पेंशनरों ने पौधे लगाकर हरित वातावरण के संरक्षण का संकल्प लिया।
बैठक एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष आशुतोष कुमार सिंह, उपाध्यक्ष वृंदावन सिंह, कोषाध्यक्ष छुन्नू साहू, संरक्षक दिलीप साहा, कार्यालय सचिव अशोक कुमार गुप्ता, रामगढ़ प्रखंड अध्यक्ष देवशरण महतो, रामप्रसाद महतो, मांडू प्रखंड अध्यक्ष नागेश्वर प्रसाद, सरजू गहलोत, दूधेश्वर महतो, मन नारायणन सिंह सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।