कुजू (रामगढ़) झारखंड :कुजू के मुरपा स्थित मांडू विधायक तिवारी महतो के आवासीय कार्यालय में आजसू पार्टी की सभी अनुसांगिक इकाइयों की बैठक आयोजित की गई। चतरा जाने के क्रम में यहां पहुंचे आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन को मजबूत बनाने और युवाओं को नेतृत्व में आगे लाने पर जोर दिया।
सुदेश महतो ने कहा कि नेतृत्व के विकेंद्रीकरण से युवाओं को आगे आने का अवसर मिलेगा और संगठन अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनेगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा, हरियाली और विकास के मुद्दों को लेकर आजसू पार्टी राज्य में नई दिशा देने का कार्य करेगी।
उन्होंने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि विस्थापन नीति में बदलाव, युवाओं को रोजगार और विस्थापितों को उनका अधिकार दिलाने के जो वादे किए गए थे, वे अब तक पूरे नहीं हुए हैं। उन्होंने कहा कि झारखंड की खनिज संपदा राज्य की ताकत बनने के बजाय आम लोगों के लिए अभिशाप साबित हो रही है। खनिज संसाधनों का दोहन लगातार हो रहा है, जबकि विस्थापित परिवार अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
सुदेश महतो ने कहा कि यदि आजसू पार्टी को सरकार बनाने का अवसर मिलता है तो विस्थापन एवं पुनर्वास नीति में व्यापक बदलाव किए जाएंगे। साथ ही कोल कंपनियों और बहुराष्ट्रीय कंपनियों में विस्थापन, पुनर्वास, रोजगार और मुआवजे से जुड़े मामलों का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इन सभी ज्वलंत मुद्दों पर पार्टी गंभीरता से विचार कर रही है और आने वाले समय में जनभागीदारी के साथ व्यापक आंदोलन चलाया जाएगा।
उन्होंने संगठन में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर भी बल देते हुए प्रत्येक बीएलए-2 टीम में कम से कम एक महिला प्रतिनिधि को शामिल करने का आह्वान किया।
इससे पहले मांडू विधायक तिवारी महतो के नेतृत्व में सुदेश महतो का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया। अपने संबोधन में तिवारी महतो ने कहा कि राज्य में आजसू की सरकार बनाने के लिए सामूहिक नेतृत्व और युवाओं को आगे बढ़ाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि पार्टी वंशवाद नहीं बल्कि सक्षम और जनहितैषी नेतृत्व में विश्वास करती है।
बैठक की अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष नरेश महतो ने की, जबकि संचालन लालचंद महतो एवं उमेश कुमार ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम में उमेश कुमार भोक्ता, संजय मेहता, दिलीप दांगी, परमेश्वर महतो, रामभजन लाल महतो, तेजनाथ महतो, गुड्डू यादव, मदन महतो, सोनू साव, जयकिशोर महतो, तरुण गिरी, विकास महतो, मुकेश महतो, विशेश्वर बेदिया, तापेश्वर महतो, मनोज महतो, हेमनी देवी, अमित ठाकुर, सरिता सिंह सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।