रामगढ़ (झारखंड): भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चलाए जा रहे मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम (SIR)-2026 के तहत मंगलवार को उपायुक्त-सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी रामगढ़ श्री ऋतुराज ने स्वयं अपना गणना प्रपत्र (Enumeration Form) भरकर जिलेवासियों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी का संदेश दिया।
इस दौरान उपायुक्त ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदाता सूची का शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी पात्र मतदाताओं से निर्धारित समय सीमा के भीतर अपना गणना प्रपत्र भरने की अपील करते हुए कहा कि इससे मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की त्रुटि या नाम छूटने की संभावना कम होगी।
उन्होंने कहा कि सभी मतदाता अपना भरा हुआ गणना प्रपत्र संबंधित बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) के पास जमा करें अथवा निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित अन्य माध्यमों से समय पर उपलब्ध कराएं। समय पर प्रपत्र जमा होने से मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया पारदर्शी और सुचारू रूप से पूरी की जा सकेगी।
उपायुक्त ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं तथा आम नागरिकों से भी इस अभियान में सक्रिय सहयोग देने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी का प्रयास होना चाहिए कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे।
उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन की ओर से विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। संबंधित पदाधिकारियों और बूथ लेवल ऑफिसरों को अभियान के प्रभावी संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए हैं।
उपायुक्त ने जिलेवासियों से अपने परिवार, पड़ोस और परिचितों को भी गणना प्रपत्र भरने के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया। उन्होंने विश्वास जताया कि रामगढ़ जिले के नागरिक इस लोकतांत्रिक अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेंगे और निर्धारित समय सीमा के भीतर अपना गणना प्रपत्र भरकर निर्वाचन प्रक्रिया को और अधिक मजबूत बनाएंगे।