शांतिधारा फाउंडेशन ने संकट मोचन मंदिर में अर्पित की 54 किलो चावल सेवा, महाप्रसाद वितरण में दिया सहयोग

Spread the love

रामगढ़ (झारखंड) : सामाजिक एवं आध्यात्मिक कार्यों के लिए समर्पित शांतिधारा फाउंडेशन ने अपने स्थायी प्रकल्प “चावल सेवा” के तहत मंगलवार को गांधी चौक स्थित श्री संकट मोचन मंदिर में 54 किलो चावल अर्पित किया। इस पहल का उद्देश्य मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए संचालित महाप्रसाद वितरण व्यवस्था को सहयोग प्रदान करना है।

मंदिर के पुजारी धीरज पाराशर ने बताया कि प्रत्येक मंगलवार और शनिवार को पूर्वाह्न 11 बजे से लगभग 300 श्रद्धालुओं के बीच खिचड़ी महाप्रसाद का वितरण किया जाता है। मंदिर में आने वाले सभी भक्त बिना किसी भेदभाव के श्रद्धापूर्वक महाप्रसाद ग्रहण करते हैं।

इस अवसर पर शांतिधारा फाउंडेशन के संस्थापक एवं अध्यक्ष सुरेश पी. अग्रवाल ने कहा कि संस्था नियमित रूप से विभिन्न सामाजिक एवं आध्यात्मिक संस्थाओं द्वारा संचालित अन्नक्षेत्रों, दिव्यांग संस्थानों, वृद्धाश्रमों तथा अनाथालयों में चावल सेवा उपलब्ध कराती है। उन्होंने कहा कि समाज के जरूरतमंद लोगों तक भोजन पहुंचाना सबसे बड़ी सेवा है और यह मानवीय संवेदनाओं को मजबूत करने का कार्य करता है।

उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में अन्न को ब्रह्म के समान माना गया है। भूखे व्यक्ति को भोजन कराना केवल दान नहीं, बल्कि सेवा और मानवता का सर्वोच्च स्वरूप है। ऐसे प्रयास समाज में सहयोग, करुणा और परोपकार की भावना को बढ़ावा देते हैं।

कार्यक्रम के दौरान फाउंडेशन के मानद सचिव मनजीत साहनी, वरिष्ठ सदस्य तेजींदर सिंह तथा ओंकार मल्होत्रा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।