बरघुटुवा में ट्रैक्टर की चपेट में आने से वृद्ध महिला की मौत, एक व्यक्ति घायल

Spread the love

मृतका बालो देवी 

पतरातू (रामगढ़), झारखंड : जिले के बासल थाना क्षेत्र अंतर्गत बरघुटुवा उरांव टोला में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रैक्टर की चपेट में आने से 66 वर्षीय महिला की मौत हो गई। वहीं, इस घटना में एक अन्य व्यक्ति को हल्की चोटें आई हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बरघुटुवा उरांव टोला निवासी रोशन उरांव ट्रैक्टर लेकर खेत की जुताई के लिए जा रहा था। इसी दौरान उसके घर के बाहर कुछ लोगों के साथ बैठी बालो देवी (66 वर्ष) अचानक ट्रैक्टर की चपेट में आ गईं। हादसा इतना गंभीर था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना में एक अन्य व्यक्ति भी घायल हुआ, जिसे हल्की चोटें आई हैं।

घटना की सूचना मिलते ही बासल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है तथा मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

इस हृदयविदारक हादसे के बाद पूरे बरघुटुवा उरांव टोला में शोक का माहौल है। मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।